A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेमध्यप्रदेशसतना

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धारकुंडी पहुंचकर ब्रह्मलीन गुरुदेव स्वामी सच्चिदानंद जी के दिव्य दर्शन किए

सतना : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को सतना जिले के धारकुंडी पहुंचकर परम पूज्य संत शिरोमणि स्वामी सच्चिदानंद सदगुरु महाराज जी के ब्रह्मलीन होने पर अंतिम दिव्य दर्शन किए और उनके चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने महाराज जी के पार्थिव शरीर के अंतिम दिव्य दर्शन कर भावपूर्ण नमन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महाराज जी के ब्रह्मलीन होने से पूरे विंध्य क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। वे लाखों श्रद्धालुओं के लिए आस्था, अध्यात्म और मार्गदर्शन का प्रमुख केंद्र थे। उनका सान्निध्य जनमानस को सदैव आध्यात्मिक ऊर्जा, प्रेरणा एवं सकारात्मक दिशा प्रदान करता रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धारकुंडी आश्रम, जहां महाराज जी ने तप व साधना की, आज एक महत्वपूर्ण तीर्थस्थल बन चुका है। उनका महान व्यक्तित्व एवं साधना की अमिट छाप आने वाली पीढ़ियों को भी निरंतर प्रेरित करती रहेगी। इस मौके पर नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, सांसद श्री गणेश सिंह, चित्रकूट विधायक श्री सुरेन्द्र सिंह गहरवार, जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय, कमिश्नर रीवा संभाग बीएस जामोद, आईजी गौरव राजपूत, कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक श्री हंसराज सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं साधु-संत उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!