
फुरकान अंसारी संवाददाता।
हरिद्वार। नगर पालिका परिषद, शिवालिक नगर द्वारा क्षेत्र के समग्र विकास को गति देते हुए वार्ड संख्या 7 स्थित टिहरी विस्थापित कॉलोनी में गली संख्या A-13 एवं A-16 की आंतरिक सड़कों, मंदाकिनी विहार तथा बीना एन्क्लेव की सड़कों का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया। इन विकास कार्यों का विधिवत लोकार्पण नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राजीव शर्मा द्वारा किया गया।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका परिषद द्वारा कराए गए विकास कार्यों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि नई सड़कों के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर के प्रत्येक नागरिक को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसी उद्देश्य के साथ निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिवालिक नगर को सुव्यवस्थित, स्वच्छ और विकसित नगर के रूप में स्थापित करना नगर पालिका परिषद का प्रमुख लक्ष्य है। सड़क निर्माण के साथ-साथ जल निकासी व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, हरित क्षेत्र के विकास एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं।
अध्यक्ष ने यह भी कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जनहित में निरंतर कार्य किया जाएगा। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना नगर पालिका परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जहां-जहां विकास कार्यों की आवश्यकता है, वहां शीघ्र योजनाएं बनाकर कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान सभासद अमरदीप सिंह, मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी, पंकज चौहान, देव विख्यात भाटी, प्रमोद डोभाल, अजय मलिक, वेदांत चौहान, गौरव गुर्जर, गजेंद्र सिंह, प्रणय चौरसिया, सुलेचना, कार्तिक, चेतन बिष्ट, विवेक, महिपाल सिंह, पी.सी. यादव, सुभाष, विजय गुप्ता सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
अंत में अध्यक्ष राजीव शर्मा ने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर विकास कार्यों की गति को बनाए रखते हुए क्षेत्र को आदर्श नगर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।







