
राजोद।धार जिले की सरदारपुर तहसील के ग्राम राजोद में शासकीय महाविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर भाजपा नेता दीपक फेमस, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष जयसूर्या ने मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव को पत्र भेजकर क्षेत्र की शिक्षा संबंधी समस्याओं से अवगत कराया है। पत्र में बताया गया कि राजोद क्षेत्र एक प्रमुख ग्रामीण केंद्र है, लेकिन आसपास के विद्यार्थियों के लिए स्नातक स्तर की शिक्षा हेतु कोई शासकीय महाविद्यालय उपलब्ध नहीं है। इसके कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बदनावर (लगभग 30 किमी) या राजगढ़ (लगभग 40 किमी) तक जाना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक बोझ बढ़ता है। उन्होंने उल्लेख किया कि क्षेत्र की अधिकांश आबादी कृषि एवं श्रमिक वर्ग से जुड़ी है, इसलिए आर्थिक कारणों से कई प्रतिभावान विद्यार्थी, विशेषकर छात्राएं, उच्च शिक्षा से वंचित रह जाती हैं। राजोद से लगभग 58 गांवों की पंचायतें जुड़ी हुई हैं और हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हायर सेकेंडरी परीक्षा उत्तीर्ण करते हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर शासकीय महाविद्यालय की स्थापना से शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।




