
सीमा पार नशे का बड़ा खेल! भैरहवा में 1500 एम्पुल के साथ सिद्धार्थनगर का युवक गिरफ्तार
पंकज चौबे सिद्धार्थनगर
भारत-नेपाल सीमा पर नशे का कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में भैरहवा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नशीली दवाओं के साथ एक भारतीय युवक को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस कार्यालय रूपन्देही और औषधि नियंत्रण ब्यूरो शाखा भैरहवा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 41 वर्षीय मोहम्मद आजम निवासी जनपद सिद्धार्थनगर को काबू में लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से डायजेपाम 500 एम्पुल, फेनारगन 500 एम्पुल और नुफ्रिन 500 एम्पुल बरामद किए गए। कुल मिलाकर 1500 एम्पुल नशीली दवाएं बरामद हुई हैं, जिनका इस्तेमाल नशे के लिए किया जाता है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 7 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं हो सकता, इसके पीछे बड़े नेटवर्क की भी संभावना है। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
सीमा क्षेत्र में लगातार नशीली दवाओं की बरामदगी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर सीमा पर सख्ती के बावजूद नशे का यह कारोबार कैसे फल-फूल रहा है।




