

कांठ (मुरादाबाद, यूपी)। कांठ नगर में रविवार की सुबह 07:00 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से 50 वर्षीय मानसिक रूप उसे बीमार चल रही महिला की मौत हो गई। सूचना पाकर हादसा स्थल पर पहुंची कांठ थाना पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामें की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
कांठ थाना पुलिस के अनुसार जनपद मुरादाबाद के थाना डिलारी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव रैहटा माफी की रहने वाली महिला संतोष (आयु 50 वर्ष) काफी समय से मानसिक रूप से बीमार थी। वह पिछले कई महीने कांठ नगर में ऐसे ही सड़कों पर घूमती हुई दिखाई दे रही थी। रविवार की सुबह कांठ नगर में ही मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग पर ई-रिक्शा फैक्ट्री के सामने कोई अज्ञात वाहन संतोष को टक्कर मारकर फरार हो गया। जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
यहां मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। किसी ने हादसे की सूचना कांठ थाना पुलिस को दी तो थाना प्रभारी निरीक्षक कांठ सुदेश पाल सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने जांच पड़ताल करने के बाद मृतका के शव को पंचनामें की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। साथ ही पुलिस ने मृतका के परिजनों को भी हादसे की जानकारी दी। जिसके बाद वह भी गांव रैहटा माफी से कांठ पहुंच गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका करीब चार साल से मानसिक रूप से बीमार थी और वह कभी भी अपने घर से निकल जाती थी।
रिपोर्ट: पंकज कुमार, कांठ










