

जीते मैडल के साथ कांठ के आकाश कोरियन ताइक्वांडो एकेडमी के खिलाड़ी।
कांठ (मुरादाबाद, यूपी)। आकाश कोरियन ताइक्वांडो एकेडमी कांठ के खिलाड़ियों ने जिला बिजनौर के कस्बा नजीबाबाद में आयोजित 15 वीं इंटर स्कूल ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर उनका उत्साह वर्धन किया गया है।
रविवार को बिजनौर के नजीबाबाद में आयोजित 15 वीं इंटर स्कूल ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 में सब जूनियर, कैडेट, जूनियर एवं सीनियर वर्गों में कांठ के खिलाड़ियों ने भाग लिया। आकाश कोरियन ताइक्वांडो एकेडमी के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीते। इस दौरान एकेडमी के अथर्व विश्नोई, मधुर त्यागी और वंश सिंह ने स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं पौरष चौहान और ध्रुव विश्नोई ने रजत पदक प्राप्त किए। इसके अलावा दिव्यम विश्नोई और पूर्विक राज सिंह ने कांस्य पदक जीतकर एकेडमी व क्षेत्र का का नाम रोशन किया।
इस चैंपियनशिप में शौर्य प्रताप का विशेष योगदान रहा। खिलाड़ियों ने जीत का श्रेय अपनी एकेडमी कोच हर्ष शर्मा और रीतिका शर्मा को दिया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर कोच हर्ष शर्मा एवं रितिका शर्मा ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि लगातार अभ्यास और अनुशासन से ही इस प्रकार की सफलता हासिल होती है। एकेडमी के खिलाड़ियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर क्षेत्रवासियों और अभिभावकों ने खुशी जताते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी है।
रिपोर्ट: पंकज कुमार, कांठ










