A2Z सभी खबर सभी जिले की

वन्यजीव शिकार कांड में फरार आरोपी ने टेके घुटने, अदालत में किया सरेंडर

तेंदुए के दांत, जंगली मांस और भाले की बरामदगी से खुला राज, आरोपी पहुंचा जेल


बलौदाबाजार। वन्यजीव अपराध के मामले में फरार चल रहा मुख्य आरोपी आखिरकार वन विभाग की सख्त कार्रवाई और लगातार बढ़ते दबाव के आगे झुक गया। लंबे समय से फरार आरोपी शिवसेवक ने अंततः न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। न्यायालय के आदेश के बाद उसे गिरफ्तार कर जिला जेल बलौदाबाजार भेज दिया गया है।
मामला उस समय सामने आया जब वन्यजीव अपराधों की रोकथाम के लिए प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर वन मण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशील के निर्देश पर जनवरी माह में वन विभाग की टीम ने ग्राम अल्दा में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान आरोपी शिवसेवक के घर से तेंदुए के दांत, जंगली जानवर के मांस के टुकड़े, जी.आई. तार और भाले सहित कई संदिग्ध सामग्री बरामद की गई।
छापेमारी के दौरान आरोपी शिवसेवक मौके का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया। इसके बाद वन विभाग ने तत्काल टीम गठित कर इलाके में सघन खोज अभियान चलाया और डॉग स्क्वाड की भी मदद ली, लेकिन घने जंगल और शाम हो जाने के कारण उस दिन आरोपी को पकड़ना संभव नहीं हो सका।
लगातार चल रही तलाश और विभाग के दबाव के बीच आखिरकार आरोपी शिवसेवक पिता परदेशी राम गोड, निवासी ग्राम अल्दा (पोस्ट भिभोरी), तहसील कसडोल ने न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कसडोल की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। अदालत से अनुमति मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर पूछताछ और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की गई और फिर उसे जिला जेल बलौदाबाजार में दाखिल कर दिया गया।
इस मामले में एक अन्य सहयोगी आरोपी मेहतारू पिता सरजू (43 वर्ष) पहले से ही न्यायिक अभिरक्षा में है। उसके घर की तलाशी के दौरान सॉफ्ट शेल कछुए का प्लास्ट्रॉन, जो कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची-I में संरक्षित प्रजाति है, तथा लंगूर की खोपड़ी जो अनुसूची-II में संरक्षित प्रजाति है, बरामद की गई थी।
पूरे प्रकरण में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 (संशोधित 2022) के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच अभी जारी है।
इस कार्रवाई में उप वनमंडलाधिकारी निश्चल शुक्ला, वनपरिक्षेत्र अधिकारी श्वेता कुमारी सिंह के नेतृत्व में परिक्षेत्र सहायक जय किशन यादव, नटवर लाल वर्मा सहित वन विभाग की टीम की अहम भूमिका रही।

Back to top button
error: Content is protected !!