
शादी का न्योता देने निकले राजेश की आग में झुलसकर मौत
बहराइच में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर कुड़वा के पास बाइक और सीएनजी टेम्पो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क से नीचे जा गिरे और बाइक में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर बाइक सवार राजेश कुमार (35), निवासी सोमईगौढ़ी, गंभीर रूप से झुलस गए। वे अपनी रिश्तेदारी में शादी का निमंत्रण देने जा रहे थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से आग बुझाई गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह हादसा परिवार के लिए गहरा सदमा बन गया।
उत्तर प्रदेश बहराइच से प्रखर तिवारी की रिपोर्ट














