

डीडवाना-कुचामन जिले में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम ‘सशक्त नारी-सशक्त राजस्थान’ के ध्येय के साथ रविवार को टाउन हॉल में समारोह पूर्वक आयोजित हुआ। जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खडगावत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जिले भर की महिलाशक्ति ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जहाँ उनके साहस और समाज निर्माण में योगदान की सराहना की गई।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खडगावत सहित जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर, अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहनलाल खटनावलिया,एडिशनल एसपी हिमांशु शर्मा, ट्रेनी आरपीएस रितु कुमारी और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सुनीता महेश्वरी,जितेंद्र सिंह जोधा और ओमप्रकाश मोदी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की।
विकसित समाज की नींव है महिला
जिला कलक्टर डॉ. खडगावत ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को प्रोत्साहित करना ही एक विकसित समाज की असली नींव है। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की नारी किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। उन्होंने महिला सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता पर बल दिया। सुनीता माहेश्वरी द्वारा महिलाओं के क्षेत्र में सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं से अवगत करवाते हुए महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासन ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 80 महिलाओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। जिसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सहायिका, ग्राम साथिन और आशा सहयोगिनी शामिल रही।
इस अवसर पर उत्कृष्ट विभागीय कार्य करने वाली चार महिलाओं को पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान योजना के तहत ₹11000 की राशि व मोमेंटो और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही 12 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को माता यशोदा पुरस्कार के तहत 5100 रुपये और 2100 रुपये की राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया तथाआशा सहयोगिनियों और चिकित्सा कर्मियों का अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग, चिकित्सा विभाग, शिक्षा विभाग, राजीविका एवं कृषि विभाग सहित लगभग 750 महिलाएं उपस्थित रही।









