

सिंगरौली : कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 13 भैंस व दो पिकअप वाहन किया जप्त, चालक फरार.
सिंगरौली: कोतवाली बैढ़न पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 भैंस और दो पिकअप वाहन जप्त किए हैं। यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर हिर्रवाह तिराहा के पास की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि पिकअप वाहनों में भैंसों को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने हिर्रवाह तिराहा के पास घेराबंदी कर वाहनों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही दोनों पिकअप वाहनों के चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने जब दोनों वाहनों की तलाशी ली तो उनमें से 13 भैंस बरामद हुईं। पुलिस ने भैंसों सहित दोनों पिकअप वाहनों को जप्त कर लिया। जप्त की गई भैंसों की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है, जबकि दोनों पिकअप वाहनों की कीमत 10 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
कोतवाली बैढ़न पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। इधर, गौ सेवा संस्थान के सदस्य नितिन पाण्डेय ने बताया कि पुलिस की तत्परता से यह कार्रवाई संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि पशु तस्करी पर रोक लगाने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहनी चाहिए। पुलिस द्वारा जप्त की गई भैंसों को सुरक्षित रूप से देवरा स्थित गौशाला भेज दिया गया है, जहां उनके रख-रखाव की व्यवस्था की गई है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।





