
हल्ला बोल : सिद्धार्थ गौतम के बाद अब बिजय झा ने भी कतरास डीएवी +2 उच्च विद्यालय में शिक्षकों को चार महीनों से वेतन नहीं मिलने पर जताई चिंता
*कहा : “शिक्षा के मंदिरों को निजी स्वार्थ और विवादों से दूर रखना अनिवार्य”,शीघ्र वेतन भुगतान नहीं होने पर स्वयं विद्यालय के मुख्य द्वार पर सत्याग्रह करने की दी चेतावनी*
*धनबाद :* डीएवी +2 उच्च विद्यालय कतरासगढ़ में शिक्षकों को चार महीनों से वेतन नहीं मिलने का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर सिद्धार्थ गौतम के बाद अब बियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा ने भी खुलकर चिंता जताई है और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
कतरास में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि आर्य समाज की गौरवशाली परंपरा से जुड़े इस विद्यालय की वर्तमान स्थिति बेहद चिंताजनक है। वर्ष 1969 में स्थापित इस संस्थान की ऐसी बदहाल स्थिति उन्होंने पहले कभी नहीं देखी।
उन्होंने बताया कि शिक्षकों और शिक्षिकाओं को पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ा है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व और निजी स्वार्थी लोग विद्यालय पर अवैध कब्जा करने की साजिश रच रहे हैं।
प्रेस वार्ता में यह भी सामने आया कि ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना के जरिए शैक्षणिक माहौल को प्रभावित किया जा रहा है, जिससे न केवल शिक्षक बल्कि छात्रों का भविष्य भी संकट में पड़ गया है।
विजय कुमार झा ने कहा,
“शिक्षा के मंदिरों को निजी स्वार्थ और विवादों से दूर रखना अनिवार्य है। अगर जल्द ही व्यवस्था नहीं सुधरी, तो बच्चों के भविष्य के साथ बड़ा खिलवाड़ होगा।”
उन्होंने जिला प्रशासन से इस मामले में त्वरित कार्रवाई की अपील करते हुए कहा कि शिक्षकों के आवेदन उनकी पीड़ा को स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं, जिसे नजरअंदाज करना उचित नहीं है।
साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र वेतन भुगतान नहीं हुआ, तो वे स्वयं विद्यालय के मुख्य द्वार पर सत्याग्रह करेंगे।
प्रेस वार्ता में सामाजिक कार्यकर्ता गौतम मंडल,उदय सिंह, राजेंद्र प्रसाद राजा, सहित कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।







