श्री रामलीला नाट्य कला परिषद के निदेशक बने पं. सुरेंद्र मिश्रा

150 वर्ष पुरानी रामलीला परंपरा को भव्यता देने का संकल्प, 5 अक्टूबर से तहसील परिसर में होगा मंचन
दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_दुद्धी में विजयदशमी के अवसर पर मंचित होने वाली ऐतिहासिक रामलीला की तैयारियों को लेकर श्री रामलीला नाट्य कला परिषद ने नई जिम्मेदारी सौंपी है। 150 वर्षों से अधिक पुरानी रामलीला परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए पं. सुरेंद्र मिश्रा को सर्वसम्मति से श्री रामलीला नाट्य कला परिषद का नया निदेशक बनाया गया है। परिषद के महंत पं. देवेंद्र मिश्रा ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी।
निदेशक बनाए जाने के बाद पं. सुरेंद्र मिश्रा ने महंत पं. देवेंद्र मिश्रा से आशीर्वाद ग्रहण किया और परिषद द्वारा जताए गए विश्वास के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष रामलीला मंचन को और अधिक आकर्षक, प्रभावशाली एवं मर्यादापूर्ण बनाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आगामी 5 अक्टूबर से रामलीला का मंचन दुद्धी तहसील परिसर में शुरू होगा। इसके लिए कलाकार पिछले करीब एक माह से संकटमोचन मंदिर तथा तिवरान टोला स्थित शिव मंदिर परिसर में नियमित रूप से रिहर्सल कर रहे हैं। कलाकारों के अभ्यास के साथ मंचन से जुड़ी अधिकांश तैयारियां भी लगभग पूरी कर ली गई हैं।
पं. सुरेंद्र मिश्रा ने कहा कि दुद्धी की रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की सदियों पुरानी सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सैकड़ों वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी रामलीला का मंचन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जाएगा।
उन्होंने दुद्धी क्षेत्र की जनता से अपील की कि 5 अक्टूबर से तहसील परिसर में पहुंचकर रामलीला मंचन का आनंद लें और भगवान श्रीराम की लीलाओं के दर्शन कर पुण्य के भागीदार बनें।
इस अवसर पर मैनेजर कमलेश सिंह, कमल, पवन सिंह, विनय सिंह, पप्पू, नित्यानंद मिश्रा, अजय कुमार, नीरज अग्रहरी, हरिहर प्रसाद, अक्षत कुमार सहित रामलीला नाट्य कला परिषद से जुड़े कलाकार एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







