सिंगरौली: “जन चौपाल – आपकी पुलिस आपके द्वार” के माध्यम से सिंगरौली पुलिस का आमजन से सीधा संवाद।

सिंगरौली: “जन चौपाल – आपकी पुलिस आपके द्वार” के माध्यम से सिंगरौली पुलिस का आमजन से सीधा संवाद।
समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में एक साथ आयोजित हुई जन चौपाल, पुलिस ने सुनी आमजन की समस्याएं एवं सुझाव।
(जिला ब्यूरो चीफ सिंगरौली अमरेन्द्र शुक्ला)
सिंगरौली: पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन, रीवा श्री गौरव राजपूत एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र श्री हेमंत चौहान के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के एम. के जिला सिंगरौली के मार्गदर्शन में आज जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में “जन चौपाल – आपकी पुलिस आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस एवं आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर क्षेत्र की समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों को सुनना तथा उनका त्वरित एवं विधिसम्मत निराकरण सुनिश्चित करना रहा।
जन चौपाल के दौरान जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी आमजन के बीच पहुंचे और नागरिकों से सीधे संवाद किया। उपस्थित नागरिकों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित कानून व्यवस्था, यातायात, सड़क सुरक्षा, रात्रि गश्त, अवैध गतिविधियों, नशे की रोकथाम, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही एवं उचित दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस द्वारा आमजन को आश्वस्त किया गया कि प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
*साइबर अपराध से बचाव के लिए किया गया जागरूक*
जन चौपाल के दौरान नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी साझा न करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, फर्जी कॉल एवं ऑनलाइन ऑफर से सावधान रहने की जानकारी दी गई। नागरिकों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा नजदीकी पुलिस थाना अथवा साइबर सेल से संपर्क करें।
*नशे के विरुद्ध जागरूकता एवं कार्रवाई का संदेश*
जन चौपाल में नशे से दूरी है जरूरी अभियान के तहत नागरिकों एवं युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई कि क्षेत्र में नशा तस्करी अथवा अवैध रूप से मादक पदार्थों की बिक्री की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। साथ ही सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
*महिला सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता पर भी दिया जोर*
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, छेड़छाड़ एवं उत्पीड़न की घटनाओं की तत्काल सूचना पुलिस को देने तथा महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने के लिए जागरूक किया गया। इसके साथ ही नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा तेज गति से वाहन चलाने से बचने के संबंध में जागरूक किया गया।
*सिंगरौली पुलिस – आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।*
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







