भाजपा राज में नशा चरम पर युवा पीढ़ी हो रही बर्बाद: आफताब अहमद

भाजपा राज में नशा चरम पर, युवा पीढ़ी हो रही बर्बाद:आफताब अहमद
तावडू। खंड स्तरीय कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में नूंह से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने तावडू के पिछड़ेपन और प्रदेश में बिगड़े हालात के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। आफताब अहमद ने कहा कि अगर पलवल से रेवाड़ी तक बाईपास निकला तो वह कांग्रेस के समय में निकला, तावडू में रेजिडेंशियल सेक्टर बने तो वह भी कांग्रेस के समय में बने और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की रूपरेखा भी कांग्रेस के कार्यकाल में बनी।
पिछले 12 साल से केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है, लेकिन तावडू में विकास कमजोर पड़ा है। भाजपा ने इन 12 सालों में प्रदेश को बेरोजगारी के अलावा कुछ नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में सबसे बुरा हाल शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पीने के पानी और बिजली का है। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है और कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट है।
सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि भाजपा राज में नशा चरम सीमा पर पहुंच गया है। जो उड़ता पंजाब कहलाता था, आज पूरा हरियाणा नशे की गिरफ्त में आ चुका है और इसके लिए सीधे तौर पर भाजपा जिम्मेदार है।
नशे की लत से युवा पीढ़ी बिगड़ रही है और दिशा भटक रही है। किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार बाजरा की खरीद 1 अक्टूबर से शुरू करने का दावा करती है, लेकिन जब मंडी में बाजरा आता है तब खरीद शुरू नहीं होती और किसान को औने-पौने भाव में फसल बेचनी पड़ती है।
90 प्रतिशत किसान 2300 रुपये के भावांतर के चक्कर में पहले ही फसल बेच चुका होता है। तावडू मंडी में न समय पर बाजरे की खरीद शुरू होती है, न सरसों की।
आफताब ने कहा कि राहुल गांधी ने वोट चोरी का खुलासा कर दिया है और सबूतों से स्पष्ट हो गया है कि किस तरह वोट चोरी कर हरियाणा में चोरी की सरकार बनाई गई है। लोकतंत्र की हत्या कर सत्ता में काबिज इस सरकार के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर संघर्ष करना पड़ेगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संकल्प लेने का आह्वान किया कि जब तक राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बना लेते, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







