जानवर का हमला

जंगली जानवर के हमले में 65 वर्षीय ग्रामीण वृद्ध घायल, बाघ के हमले की आशंका से गांव में दहशत
रायसेन। जिले के सुल्तानपुर मार्ग पर नकतरा के पास ग्राम चिलवाहा में जंगली जानवर के हमले में 65 वर्षीय ग्रामीण वृद्ध घायल हो गया। घायल की पहचान बिनाराम बंजारा के रूप में हुई है। घटना के बाद घायल को उपचार के लिए रायसेन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने खुद पर बाघ द्वारा हमला किए जाने की बात कही है। हालांकि, ओबेदुल्लागंज वन विभाग ने फिलहाल बाघ के हमले की पुष्टि नहीं की है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चिलवाहा निवासी बिनाराम बंजारा पर गांव के पास ही किसी जंगली जानवर ने हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। बिनाराम बंजारा के बाघ के हमले की बात कहने के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों में जंगली जानवर की मौजूदगी को लेकर भय बना हुआ है।
वन अमला कर रहा जांच, पैरों के निशान तलाशे
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग चिलवाहा वनरेंज का अमला मौके पर पहुंचा और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वनकर्मी घटनास्थल के आसपास जंगली जानवर के पैरों के निशान तलाश रहे हैं।ताकि हमले में शामिल जानवर की पहचान की जा सके। वन विभाग की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि ग्रामीण पर हमला बाघ ने ही किया है या किसी अन्य जंगली जानवर ने।फिलहाल वन विभाग की जांच के बाद ही हमले की वास्तविक वजह और जंगली जानवर की पहचान स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद से ग्राम चिलबाहा के ग्रामीणों में भय का माहौल है।
न्यूज़ रिपोर्टर राजेश रघुवंशी की रिपोर्ट
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





