*
आगर-मालवा। नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश लेकर गुरुवार को आगर की सड़कों पर छात्र-छात्राओं की रैली निकली। सेवा संकल्प अभियान और मद्य निषेध सप्ताह के तहत आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने “नशामुक्त हो आगर-मालवा, नशामुक्त हो मध्यप्रदेश” के नारों के साथ आमजन को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
गांधी उपवन से शुरू हुई रैली पेट्रोल पंप, झंडा चौक, छावनी नाका होते हुए नवीन सामुदायिक भवन और कंपनी गार्डन पहुंची। यहां उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। रैली को जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि भेरू सिंह चौहान, मीना स्वर्णकार, एडिशनल एसपी रविन्द्र बोयत, एसडीएम कमल मंडलोई और उप संचालक सामाजिक न्याय मिलिंद ढोके ने हरी झंडी दिखाई।
21 दिव्यांगजनों को उपकरण, अशोक को मिली मोटराइज्ड ट्राइसिकल
कार्यक्रम में 21 दिव्यांगजनों को नि:शुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। आगर निवासी अशोक कुमार को बैटरी चलित मोटराइज्ड ट्राइसिकल प्रदान की गई। वहीं अन्य हितग्राहियों को ट्राइसिकल, अंधत्व छड़ी, व्हीलचेयर और रोलेटर सहित विभिन्न उपकरण दिए गए। उपकरण मिलने पर हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी नजर आई।