संघ प्रचारक श्री कृष्ण अवतार जी के साथ कथित मारपीट के मामले में निष्पक्ष जांच एवं दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

# प्रेस नोट
संघ प्रचारक श्री कृष्ण अवतार जी के साथ कथित मारपीट के मामले में निष्पक्ष जांच एवं दोषी पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई की मांग
भूपेन्द्र सम्बरिया के नेतृत्व में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम सौंपा ज्ञापन
आबूरोड़। जयपुर जिले के नैनवा थाने में संघ प्रचारक श्री कृष्ण अवतार जी के साथ कथित मारपीट एवं दुर्व्यवहार के मामले को लेकर पूर्व मंडल अध्यक्ष भाजपा, आबूरोड़ एवं जिला कार्यकारिणी सदस्य भाजपा, सिरोही भूपेन्द्र सम्बरिया के नेतृत्व में राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच करवाने तथा दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि समाचारों के अनुसार, श्री कृष्ण अवतार जी के साथ पुलिस अभिरक्षा में कथित मारपीट एवं दुर्व्यवहार की घटना सामने आई है, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया। इस प्रकरण को गंभीर बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाने की मांग की गई।
ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया कि प्रकरण की जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अथवा स्वतंत्र जांच एजेंसी से करवाई जाए। साथ ही थाने के सीसीटीवी फुटेज, ड्यूटी रजिस्टर, मेडिकल रिपोर्ट एवं अन्य संबंधित साक्ष्यों को सुरक्षित रखकर जांच में शामिल किया जाए। जांच में दोषी पाए जाने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ित को उचित उपचार एवं न्याय उपलब्ध करवाया जाए।
भूपेन्द्र सम्बरिया ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने वाले पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मानजनक एवं कानूनसम्मत व्यवहार किया जाए। यदि पुलिस अभिरक्षा में किसी व्यक्ति के साथ मारपीट अथवा अमानवीय व्यवहार हुआ है, तो यह गंभीर विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि प्रदेश के सभी पुलिस थानों में मानवाधिकारों की सुरक्षा एवं नागरिकों के सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष राजीव मारू, भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष दिपेश अग्रवाल एवं राजस्थान भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राधेश्याम शाक्य सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
🙏🪷
भूपेन्द्र सम्बरिया
पूर्व मण्डल अध्यक्ष भाजपा, आबूरोड़
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






