मुख्य मार्ग पर गैस पाइपलाइन के लिए खोदा गया गड्ढा बना मुसीबत, जान जोखिम में डालकर गुजर रहे लोग

मुख्य मार्ग पर गैस पाइपलाइन के लिए खोदा गया गड्ढा बना मुसीबत, जान जोखिम में डालकर गुजर रहे लोग
वरिष्ठ अधिवक्ता विनीत मणि त्रिपाठी ने नगर की व्यवस्था पर उठाए सवाल, बोले- बीमार को अस्पताल पहुंचाने के लिए भी नहीं मिल पाएगा चारपहिया वाहन का रास्ता
आनंदनगर/फरेंदा, महराजगंज।
नगर में गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए मुख्य आवागमन मार्ग पर खोदा गया बड़ा गड्ढा अब स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। आरोप है कि खुदाई के बाद गड्ढे को बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के छोड़ दिया गया है। इससे राहगीरों और आसपास के लोगों के सामने दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। लोग जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं।
इस मामले को लेकर वरिष्ठ अधिवक्ता विनीत मणि त्रिपाठी ने नगर की व्यवस्था और संबंधित जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह नगर का मुख्य आवागमन मार्ग है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। इसके बावजूद सड़क के बीचोंबीच इतना बड़ा गड्ढा खोदकर छोड़ देना गंभीर लापरवाही है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की अचानक तबीयत खराब हो जाए और उसे अस्पताल पहुंचाने की जरूरत पड़े तो इस रास्ते से चारपहिया वाहन का गुजरना भी मुश्किल हो सकता है। ऐसी स्थिति में मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना चुनौती बन जाएगा। किसी आपात स्थिति में यह लापरवाही भारी पड़ सकती है।
वरिष्ठ अधिवक्ता ने कहा कि नगर में व्याप्त अव्यवस्थाओं और विकास कार्यों के नाम पर होने वाली अनियमितताओं के खिलाफ वह पहले भी आवाज उठाते रहे हैं। कुछ लोग उनकी आवाज को विकास कार्यों में बाधा डालने के रूप में देखते हैं, जबकि उनका कहना है कि वह विकास के विरोधी नहीं हैं, बल्कि विकास के नाम पर जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ और लापरवाही के खिलाफ आवाज उठाते हैं।
उन्होंने गैस पाइपलाइन कार्य से जुड़े जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों से तत्काल गड्ढे को सुरक्षित कराने, आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने और मार्ग पर आवागमन सुचारु करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वह संबंधित उच्चाधिकारियों से शिकायत कर पूरे मामले की जांच कराने की मांग करेंगे।
अब सवाल यह है कि मुख्य मार्ग पर खोदे गए इस गड्ढे को सुरक्षित कराने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? क्या संबंधित विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है?
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







