विंढमगंज (सोनभद्र)। दीपावली एवं छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को शाम करीब चार बजे विंढमगंज थाना परिसर में थाना निरीक्षक रविकांत मिश्रा की अध्यक्षता में व्यापार मंडल, स्थानीय व्यापारियों एवं ग्राम प्रधान के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, बाजार में भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा आमजन की सुविधाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए थाना निरीक्षक रविकांत मिश्रा ने कहा कि दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है।
ऐसे में सुरक्षा के प्रति सभी को सतर्क और जिम्मेदार रहने की आवश्यकता है। उन्होंने व्यापारियों से अपनी दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने तथा अग्निशमन यंत्रों को दुरुस्त रखने की अपील की।
साथ ही दुकानों और बाजार की गलियों के ऊपर लगाए गए प्लास्टिक के तिरपाल हटवाने का निर्देश दिया, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में आवागमन बाधित न हो। उन्होंने किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की बात कही।
उन्होंने पटाखों की बिक्री निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही करने, ज्वलनशील पदार्थों से दूरी बनाए रखने तथा बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ रात्रिकालीन गश्त भी बढ़ाई जाएगी।
इस दौरान व्यापारियों ने बाजार में नियमित पुलिस पिकेट की व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग उठाई। थाना निरीक्षक ने सभी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष राकेश कुमार केसरी, ग्राम प्रधान दिनेश प्रसाद यादव, सुजीत कुमार, समर गुप्ता, भोला प्रसाद यादव, बाबूलाल पासवान, इंद्रमणि कुशवाहा, गरीब पाल, लखन कुमार, रामचंद्र, ईश्वरी प्रसाद गुप्ता, श्रीखंड चौबे, मनोज कुमार गुप्ता, विकास जायसवाल, पप्पू यादव, मुकेश गुप्ता, राम प्रसाद यादव, राकेश, संजय कुमार गुप्ता, ओम प्रकाश यादव, अरविंद जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।