कांठ में बम बटक एकता मंच ने निकाली अखंड ज्योति शोभायात्रा

कांठ नगर में बम बटक एकता मंच के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को नगर में अखंड ज्योति शोभायात्रा धूमधाम के साथ विधिविधान और हर्षोल्लास से निकाली। जिसमें शामिल मां ज्वाला देवी की अखंड ज्योति और मां दुर्गा की झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योति के दर्शन कर धर्मलाभ प्राप्त किया। इस दौरान गगनभेदी जयकारों से नगर का वातावरण देवी भक्ति में सराबोर हो गया।

कांठ नगर स्थित श्री रामलीला मैदान में बम बटक एकता मंच के द्वारा हर साल मां भगवती का विशाल जागरण कराया जाता है। जिसमें शक्तिपीठ मां ज्वाला देवी मंदिर हिमाचल प्रदेश से अखंड जोत लाकर स्थापित की जाती है। इस बार भी दो नवंबर को मंच के 11 कार्यकर्ता हिमाचल प्रदेश से अखंड ज्योति लेने के लिए रवाना हुए थे। बुधवार की सुबह यह सभी अखंड ज्योति लेकर कांठ के श्री जम्भेश्वर आश्रम भूड़ टीबा मंदिर पर पहुंचे। जहां अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष आचार्य भावेश शर्मा ने मंत्रोचारण कर पूजन कराया। इसके बाद मुख्य अतिथि भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष व समाज सेवी विष्णु अवतार प्रजापति उर्फ पिंकल ने अखंड ज्योति शोभायात्रा का शुभारंभ किया। शोभायात्रा कांठ नगर में मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाइवे से होते हुए नगर के रामलीला मैदान पहुंची। इसमें श्रद्धालु देवी मां का गुणगान और डीजे पर चल रहे भजनों पर नाचते-गाते चल रहे थे।

शोभायात्रा में मां ज्वाला देवी की अखंड ज्योति का रथ, मां दुर्गा का झांकी मुख्य आकर्षण रही। कई स्थानों पर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। सुरक्षा व्यवस्था की कमान थाने के कस्बा चौकी इंचार्ज राहुल राघव, उपनिरीक्षक सुभाष धनकड़, उपनिरीक्षक संजीव कुमार और महिला उपनिरीक्षक सोनम ने संभाली। शोभायात्रा के बाद अखंड ज्योति को रामलीला परिसर स्थित मां काली मंदिर में विराजमान किया गया। शोभायात्रा के दौरान व्यवस्था में बम बटक एकता मंच सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अब बृहस्पतिवार को रामलीला मैदान में मां भगवती का 18वां जागरण होगा, जिसमें ज्वाला देवी की अखंड ज्योति को विराजमान किया जाएगा।
Report: Pankaj Kumar, Kanth ✍️
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





