सरकारी स्कूल बना अस्तबल का अड्डा

#अस्तबल_बना_स्कूल : भरतपुर जिले में बयाना क्षेत्र के बीरमपुरा गांव में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय नगला खुशहालीराम का एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने शिक्षा के मंदिर की सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्राप्त जानकारी अनुसार वायरल फुटेज में विद्यालय परिसर के भीतर खुलेआम दो घोड़े बंधे दिखाई दे रहे हैं, जिससे यह साफ नजर आता है कि स्कूल की जमीन को अतिक्रमणकारियों ने निजी तबेले में तब्दील करने की हिमाकत की है। उक्त घटना के सामने आते ही स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया है जबकि विद्यालय के प्रधानाध्यापक पुष्पेंद्र कुमार ने इसे छुट्टियों के दौरान रची गई एक सोची-समझी साजिश करार दिया है। प्रधानाध्यापक पुष्पेंद्र कुमार ने कहा कि गांव के ही कुछ दबंग लोग स्कूल की बेशकीमती जमीन पर अवैध कब्जा जमाने की फिराक में हैं और इससे पहले भी परिसर में पत्थर डालकर अवैध निर्माण करने का दुस्साहस किया था।
प्राप्त जानकारी अनुसार प्रधानाध्यापक ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में हुए अतिक्रमण के प्रयास पर उन्होंने तत्काल प्रशासन को सूचित कर कब्जा हटवाया था और इस गंभीर मामले में बयाना उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को लिखित शिकायत भी सौंपी जा चुकी है। प्रधानाचार्य का आरोप है कि अवैध कब्जे की चाल नाकाम होने के बाद अब वही शरारती तत्व उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और विद्यालय की छवि को धूमिल करने के लिए परिसर में घोड़े बांधकर वीडियो वायरल करने जैसी ओछी हरकतों पर उतर आए हैं। बहरहाल, इस पूरे घटनाक्रम ने सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है तथा अब यह शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है कि वह तत्काल इस वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराएं और राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर स्कूल की जमीन का सीमांकन कर अतिक्रमण की साजिश रचने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करें।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







