कोटर के ग्राम अकौना में उधारी न देने पर महिला से मारपीट का आरोप, पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार*

कोटर, सतना। जिले के कोटर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अकौना में स्थित पीहू किराना स्टोर पर उधारी को लेकर विवाद होने के बाद एक महिला के साथ मारपीट और छेड़छाड़ का प्रयास किए जाने का आरोप सामने आया है।
घटना 21 अक्टूबर की बताई जा रही है। पीड़िता पिंकी ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
*उधारी को लेकर शुरू हुआ विवाद*
पीड़िता पिंकी के अनुसार, वह किराना स्टोर पर बैठी हुई थी। इसी दौरान कुछ लोग दुकान पर पहुंचे और उधारी को लेकर विवाद करने लगे।
पिंकी का आरोप है कि पहले की उधारी मांगने और दोबारा उधार सामान देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और तीन-चार लोगों ने कथित तौर पर पत्थरों एवं लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
*बचाने पहुंचे जेठ पर भी हमले का आरोप* पीड़िता का आरोप है कि घटना के दौरान आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और छेड़छाड़ करने का प्रयास भी किया। जब उसके जेठ ने बीच-बचाव कर उसे बचाने की कोशिश की, तो उनके ऊपर भी लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किए जाने का आरोप है।
जान बचाने के लिए उन्होंने गेट बंद कर लिया, जिसके बाद आरोपियों ने गेट पर भी हमला किया। *पति के बाहर जाने के दौरान हुई घटना*
पिंकी के मुताबिक, घटना के समय उसका पति सामान लेने कोटर गया हुआ था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य खेत-खलिहान में काम करने गए थे।
घर पर अकेली होने के दौरान उसके साथ यह घटना हुई। बाद में घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग घर पहुंचे।
*पुलिस कार्रवाई को लेकर उठाए सवाल* पीड़िता ने बताया कि घटना की सूचना कोटर थाने में दी गई थी, लेकिन उसके आरोप के अनुसार अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उसने लहुरैया, ददुलिया, सुनील, अनिल और शुभकरण नाम के लोगों पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है।
फिलहाल, मामले में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया और कार्रवाई की पुष्टि नहीं हो सकी है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






