Vande Bharat Live TV News
देश • राज्य • जिला — खबरें तेज़, साफ और विश्वसनीय तरीके से
Sagar

सागर जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में संजीव सिन्हा ने पदभार ग्रहण किया

30 Oct 2026, 08:44 PM • Vande Bharat Live TV News
📣 शेयर करें: Facebook X Telegram LinkedIn लिंक कॉपी हो गया ✅
सागर जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में संजीव सिन्हा ने पदभार ग्रहण किया - सागर, मध्य प्रदेश

सागर, वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी,8225072664* मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी आदेश के पालन में संजीव सिंहा ने आज दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को सागर जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण किया। इसके पूर्व वे 14वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल (SAF), ग्वालियर में सेनानी के पद पर पदस्थ थे तथा पुलिस अधीक्षक ग्वालियर का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे।

संजीव सिंहा ने 01 जुलाई 1996 को मध्यप्रदेश राज्य पुलिस सेवा में उप पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं प्रारंभ की थीं। वर्ष 2016 में भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नत हुए।

लगभग तीन दशक से अधिक की अपनी विशिष्ट सेवा अवधि में उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं महत्वपूर्ण पुलिस इकाइयों में पदस्थ रहते हुए कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, नक्सल गतिविधियों की निगरानी, भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई तथा पुलिस बल के नेतृत्व में उल्लेखनीय योगदान दिया है। अपने सेवाकाल में सिंहा ने उज्जैन, इन्दौर होशंगाबाद, बिलासपुर, अलीराजपुर, मंडला, उज्जैन, सिंगरौली, धार, डिंडोरी एवं गुना सहित विभिन्न स्थानों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।

प्रारंभिक सेवाकाल में ही उन्होंने कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों एवं गंभीर अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटकर अपनी कार्यक्षमता और साहस का परिचय दिया। अलीराजपुर में पदस्थापना के दौरान गोधरा की घटना के बाद उत्पन्न सांप्रदायिक तनावपूर्ण परिस्थितियों को कुशलतापूर्वक संभालते हुए क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

नर्मदा बचाओ आंदोलन से जुड़े आंदोलनों के दौरान भी उन्होंने कानून-व्यवस्था का प्रभावी प्रबंधन किया। मंडला में पदस्थापना के दौरान कान्हा राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में वन्यजीवों के अवैध शिकार की रोकथाम के लिए WWF के साथ समन्वय कर कार्य किया तथा मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे क्षेत्रों में नक्सली गतिविधियों की निगरानी में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

सिंहा के सेवाकाल का एक महत्वपूर्ण अध्याय संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के अंतर्गत लाइबेरिया में उनकी पदस्थापना रही। यहां उन्होंने डिप्टी ऑपरेशंस कोऑर्डिनेटर के रूप में कार्य करते हुए 29 में से 19 संयुक्त राष्ट्र पुलिस स्टेशनों तथा 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पुलिस अधिकारियों के कार्यों के पर्यवेक्षण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।

लाइबेरिया की राष्ट्रीय पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधुनिक पुलिसिंग पद्धतियों को लागू करने में भी योगदान दिया। उनके कार्यों की संयुक्त राष्ट्र पुलिस प्रमुख द्वारा सराहना की गई।

मार्च 2017 से मई 2022 तक विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त संगठन में पुलिस अधीक्षक के रूप में पदस्थ रहते हुए उन्होंने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत ट्रैप एवं आय से अधिक संपत्ति के महत्वपूर्ण प्रकरणों के प्रभावी अनुसंधान और कार्रवाई में उल्लेखनीय योगदान दिया। इस दौरान सतना नगर निगम आयुक्त से संबंधित 12 लाख रुपये की रिश्वत का महत्वपूर्ण ट्रैप प्रकरण भी उनकी उपलब्धियों में शामिल रहा।

गुना जिले में पुलिस अधीक्षक के रूप में पदस्थापना के दौरान हनुमान टेकरी डकैती प्रकरण में पुलिस टीम का नेतृत्व करते हुए 12 किलोग्राम चांदी की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।सिंगरौली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में पदस्थापना के दौरान तीन दिवसीय कर्फ्यू की स्थिति में पुलिस बल का प्रभावी नेतृत्व करते हुए शासकीय संपत्ति एवं अन्य संसाधनों को न्यूनतम नुकसान सुनिश्चित किया। साथ ही क्षेत्र में कबाड़, कोयला एवं डीजल चोरी जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्यवाही की।

उन्होंने राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (SISF) की द्वितीय वाहिनी के प्रथम सेनानी के रूप में नई वाहिनी की स्थापना में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। धार में भोजशाला क्षेत्र में रंगपंचमी के आयोजन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न धार्मिक समूहों के साथ संवाद एवं समन्वय स्थापित किया।

वर्ष 2016 में उज्जैन सिंहस्थ मेले के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा सिंहस्थ ज्योति पदक से सम्मानित किया गया। संजीव सिंहा का व्यापक प्रशासनिक अनुभव, चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता, अपराध नियंत्रण के प्रति प्रतिबद्धता तथा पुलिस बल के साथ प्रभावी समन्वय उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषताएं रही हैं।

सागर जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण करने के उपरांत वे जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों की रोकथाम एवं नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा पुलिसिंग को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में कार्य करेंगे।

📣 शेयर करें: Facebook X Telegram LinkedIn लिंक कॉपी हो गया ✅

🔔 Vande Bharat News Alerts

नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।

संबंधित और ताज़ा खबरें

शासकीय उचित मूल्य दुकान का जिला पंचायत सीईओ ने किया निरीक्षण
Sagar30 Oct

शासकीय उचित मूल्य दुकान का जिला पंचायत सीईओ ने किया निरीक्षण

सागर, वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी,8225072664* जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे ने सेवा सहकारी…

पूरी खबर पढ़ें →
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार गया ने किया पर्यवेक्षक गृह का निरीक्षण l
Gaya30 Oct

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार गया ने किया पर्यवेक्षक गृह का निरीक्षण l

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार गया ने किया पर्यवेक्षक गृह का निरीक्षण…

पूरी खबर पढ़ें →
बिना पंजीयन पैरामेडिकल संस्थान का संचालन पर गुरुकुल पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट सील
Surajpur30 Oct

बिना पंजीयन पैरामेडिकल संस्थान का संचालन पर गुरुकुल पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट सील

सूरजपुर/ जिले में शैक्षणिक संस्थानों के संचालन में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों के हितों…

पूरी खबर पढ़ें →
error: Content is protected !!