भाजपा गया जिला पूर्वी की बैठक में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता भगाओ आंदोलन की तैयारियों पर हुई विस्तृत चर्चा l

प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक: 30 अक्टूबर 2026 स्थान: गया जी
भाजपा गया जिला पूर्वी की बैठक में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता भगाओ’ आंदोलन की तैयारियों पर हुई विस्तृत चर्चा
5 नवंबर को गांधी मैदान से आजाद पार्क तक निकलेगी पदयात्रा, 20 हजार कार्यकर्ताओं के शामिल होने का लक्ष्य
भारतीय जनता पार्टी, गया जिला पूर्वी की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता भगाओ’ आंदोलन को लेकर आयोजित की गई। बैठक में बिहार विधानसभा अध्यक्ष एवं गया शहर विधायक डॉ. प्रेम कुमार ने उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। हमारा लोकतंत्र संविधान, कानून, संवाद और जनमत की शक्ति से चलता है, न कि हिंसा, अराजकता और भीड़ के दबाव से।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति व्यक्त करने का अधिकार प्रत्येक नागरिक को है, लेकिन हिंसा और अराजकता का कोई स्थान नहीं है। जनता की आवाज लोकतांत्रिक संस्थाओं के माध्यम से उठनी चाहिए। किसी भी परिस्थिति में कानून को हाथ में लेना, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और संवैधानिक मर्यादाओं का उल्लंघन करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमें अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार देता है। साथ ही हमारा कर्तव्य है कि हम संविधान, कानून और लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करें। भाजपा का ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता भगाओ’ आंदोलन इसी संवैधानिक सोच को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है। हमारा उद्देश्य किसी की आवाज दबाना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करना है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस अभियान को शांति, संयम, तर्क और संवैधानिक मर्यादा के साथ आगे बढ़ाएं तथा आम नागरिकों को लोकतंत्र के प्रति जागरूक करें। डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भी संवैधानिक तरीकों को लोकतांत्रिक जीवन का महत्वपूर्ण आधार माना था।
उन्होंने कहा कि हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि—
न हिंसा से, न दबाव से,
लोकतंत्र चलेगा संविधान से।
भीड़ का नहीं, विचार का सम्मान हो,
अराजकता नहीं, संविधान का शासन हो।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष श्री विजय मांझी ने की। बैठक में जिला उपाध्यक्ष विकास कुमार, सुनील कुमार सिन्हा, सुधांशु मिश्रा, प्रमोद चौधरी, जिला महामंत्री पप्पू सिंह, अशोक कुमार शर्मा, विनोद कुमार सिंह, जिला मंत्री मुन्नीलाल, खुशबू कुमारी, मुकेश शर्मा, मोहन शर्मा, मंडल अध्यक्ष धनंजय कुमार धीरू, राजेश मस्तान, सूरज राणा, गुंजन मिश्रा, मनीष कुमार सोनू, ऋषि लोहानी, राम पुकार सिंह, देवानंद पासवान, रौनक सेठ, गाजों बाबा, गौतम गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी 5 नवंबर 2026 को आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता भगाओ’ पदयात्रा को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस कार्यक्रम में लगभग 20 हजार कार्यकर्ताओं के गया जी के गांधी मैदान में जुटने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहां से पदयात्रा प्रारंभ होकर आजाद पार्क तक पहुंचेगी। पदयात्रा के माध्यम से कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं और कानून के शासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करेंगे।
बैठक में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम की व्यापक तैयारी करने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
जिला उपाध्यक्ष
विकास कुमार द्वारा जारी
रिपोर्टर -त्रिलोकी नाथ गयाजी बिहार
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







