गंगा उत्सव में गूंजा स्वच्छता और संरक्षण का संदेश, छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

राजकीय इंटर कॉलेज गोठानी में विविध प्रतियोगिताओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन, बीडीओ प्रतिभा द्विवेदी ने किया शुभारंभ; विजेता प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत
सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_जिला गंगा समिति सोनभद्र के माध्यम से मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज गोठानी में गंगा उत्सव-2026 के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) प्रतिभा द्विवेदी ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय नदी गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण तथा स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भाषण, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और गंगा संरक्षण के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम में गंगा संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा विषय पर विशेष संवादात्मक सत्र और जागरूकता कार्यशाला भी आयोजित की गई। इसमें जल संरक्षण, नदियों की स्वच्छता, पर्यावरण संतुलन तथा नदी पुनर्जीवन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को जल स्रोतों की सुरक्षा और नदियों को प्रदूषणमुक्त रखने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने के प्रति प्रेरित किया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों की सहभागिता रही। उपस्थित अतिथियों ने इस प्रकार के आयोजनों को विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने की महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर सुशील वर्मा, प्रधानाचार्य, नितिन कुमार, कृपा शंकर यादव सहित विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। और इस कार्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका सोनी कुमारी,नेहा दुबे राजकीय इण्टर कॉलेज गोठानी की रही।कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजक प्रधानाचार्य वंदना यादव ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ अमर सिंह प्रधानाचार्य राजकीय हाई स्कूल बहेराडोल ने किया।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







