धनबाद से मुंबई तक रेल टिकट कालाबाज़ारियों का मजबूत नेटवर्क? RPF और CIB ने कैसे किये चौंकानेवाले खुलासे

धनबाद(DHANBAD): काले हीरे की नगरी धनबाद में काले धंधे की लंबी फेहरिश्त है. काला धंधा करने वाले रेलवे टिकट को भी नहीं छोड़ रहे है. रेलवे टिकट की ब्लैक मार्केटिंग में धनबाद से लेकर मुंबई तक गिरोह सक्रिय है. इस गिरोह की पकड़ काफी मजबूत बताई जा रही है. आरपीएफ ने गिरिडीह जिले के मधुबन के एक धर्मशाला में छापेमारी कर राष्ट्रीय स्तर के एक गिरोह का खुलासा किया है. इस खुलासे के बाद रेलवे की टिकट व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए है. जानकारी के अनुसार आरपीएफ ने टिकटों की कालाबाजारी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है. इस कार्रवाई में 1 लाख 74 हजार 630 रुपये मूल्य के 31 रेल टिकट बरामद किए गए हैं.
RPF और CIB की संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और अपराध सूचना शाखा (CIB) की संयुक्त टीम ने गुरुवार को एक धर्मशाला में छापेमारी कर मुंबई के एक युवक को गिरफ्तार किया. बरामद टिकटों पर 117 यात्रियों की यात्रा प्रस्तावित थी. आरपीएफ के अनुसार, आरोपी जरूरतमंद यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराने के नाम पर प्रत्येक टिकट पर 2 हजार से 3 हजार रुपये तक अतिरिक्त वसूली करता था. इस कार्रवाई में दो मोबाइल फोन और 6 हजार 900 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं. जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को सीआईबी धनबाद को टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद सीआईबी और आरपीएफ पोस्ट गोमो की संयुक्त टीम ने मधुबन की धर्मशाला में छापेमारी की.
धर्मशाला के कमरे की तलाशी के बाद हुआ खुलासा
धर्मशाला के कमरा नंबर 226 की तलाशी के दौरान एक संदिग्ध युवक मिला. जांच में उसके पास से पिछले तीन दिनों में मधुबन रेलवे काउंटर से जारी 31 ओपनिंग और भविष्य के रेल टिकट बरामद हुए.आरपीएफ के मुताबिक, बरामद टिकटों का कुल मूल्य 1,74,630 रुपये है. इन टिकटों पर 117 यात्रियों का सफर प्रस्तावित था. पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर टिकटों पर 2 से 3 हजार रुपये अतिरिक्त वसूलने की बात स्वीकार की. टीम ने टिकटों के अलावा दो टच स्क्रीन मोबाइल और 6,900 रुपये नकद जब्त किए.गिरफ्तार युवक की पहचान 33 वर्षीय भाविक जसवंत राय सूचक के रूप में हुई है. वह मुंबई के मालाड पश्चिम का निवासी है.
आरपीएफ ने सूची तैयार करने के बाद की है गिरफ्तारी
आरपीएफ ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जब्ती सूची तैयार कर उसे गिरफ्तार किया.इस मामले में आरपीएफ पोस्ट गोमो में कांड संख्या 789/26 दर्ज किया गया है. आरोपी के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत कार्रवाई की जा रही है. पूरे अभियान की योजना सीआईबी धनबाद के निरीक्षक प्रभारी अरविंद कुमार राम के नेतृत्व में बनाई गई थी. छापेमारी दल में आरपीएफ पोस्ट गोमो के प्रभारी विमल कुमार, एसआई आनंद आलोक, एएसआई शशिकांत तिवारी सहित आरपीएफ और सीआईबी के अन्य जवान शामिल थे.
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







