बहरागांव की तीन बेटियों ने राज्य स्तरीय कराटे में जीते स्वर्ण पदक, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
हरदा जिला संवाददाता जयदीप राठौर की खबर मो. 6260028845
हरदा /बहरागांव। ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। 'तिनका सामाजिक संस्था' की बहरागांव शाखा की तीन होनहार बेटियों ने राज्य स्तरीय स्कूल कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर पूरे क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर तीनों खिलाड़ियों का चयन अब राष्ट्रीय स्तर की स्कूल खेल प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 वर्ग से संजना धुर्वे तथा अंडर-14 वर्ग से रितिका हरियाले और चांदनी धुर्वे ने अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
बाजे-गाजे और भव्य रैली के साथ हुआ स्वागत
पदक जीतकर गांव लौटने पर तीनों विजेता खिलाड़ियों का ग्रामीणों और संस्था के सदस्यों द्वारा ऐतिहासिक स्वागत किया गया। गांव में बाजे-गाजे के साथ भव्य विजय रैली निकाली गई और बेटियों को फूल-मालाओं से लादकर उनका अभिनंदन किया गया। ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कड़ी मेहनत और अनुशासन का नतीजा: कोच
खिलाड़ियों के कोच करण रामटेक ने इस बड़ी उपलब्धि का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, लगन, अनुशासन और नियमित अभ्यास को दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि ये बेटियां राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का मान बढ़ाएंगी।
ये रहे उपस्थित
स्वागत समारोह के दौरान तिनका सामाजिक संस्था के शिहान रितेश तिवारी, अध्यक्ष मना मंडलेकर, विकास वर्मा, शालिनी चौहान, शुभम केवट, रोहित खराटकर, विजय काजवे, निशांत सोलंकी, रीना बछानिया, रीना नायर, अनामिका परते, मलेसिंग धुर्वे, मंगल सिंग हरियाले सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। तीनों बेटियों की यह सफलता क्षेत्र की अन्य बालिकाओं के लिए खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की बड़ी प्रेरणा बन गई है।