
दुद्धी/सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
पवित्र रमजान माह के अवसर पर दुद्धी नगर में रविवार की शाम सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जब समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं जिला पंचायत सदस्य बघाडू जुबेर आलम के डीसीएफ कॉलोनी स्थित आवास पर भव्य रोजा इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में मुस्लिम और हिंदू समाज के लोगों ने एक साथ शामिल होकर आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता की मिसाल पेश की। 
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने रोजेदारों के साथ मिलकर इफ्तार किया और रमजान के पवित्र महीने की एक-दूसरे को बधाई देते हुए समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया। पूरे आयोजन के दौरान गंगा-जमुनी संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली, जहां सभी समुदायों के लोग एक साथ बैठकर इफ्तार में शामिल हुए।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष राम निहोर यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष विजय यादव, नसीर मिल्लत, सलीमुल्लाह खान, राजा बाबू, आशीष जायसवाल, आशीष गुप्ता, राकेश अग्रहरि, अभिनव जायसवाल, कुलभूषण पांडे, रमेश कुशवाहा, शाहिद सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि रमजान का महीना त्याग, संयम और मानवता का संदेश देता है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं और विभिन्न समुदायों के बीच प्रेम व सौहार्द को बढ़ावा देते हैं।
इफ्तार कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया और अंत में सभी ने मिलकर देश व समाज में अमन-चैन और तरक्की की दुआ की। आयोजन ने दुद्धी क्षेत्र में सामाजिक एकता और सद्भाव की एक नई मिसाल कायम की।





