A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

थ्रेसर बना मौत का जाल:

आगरा में थ्रेसर बना मौत का जाल: एत्मादपुर के छलेसर में सरसों की मढ़ाई के दौरान मशीन में गिरने से युवक की दर्दनाक मौत
आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र में सरसों की मढ़ाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। थ्रेसर के ऊपर खड़े होकर सरसों डाल रहे एक युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह मशीन की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। एत्मादपुर क्षेत्र के गांव छलेसर में गुरुवार को सरसों की मढ़ाई करते समय हुए हादसे में एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान राजेश (25 वर्ष) पुत्र राजवीर सिंह निवासी छलेसर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार राजेश गुरुवार को मजदूरों के साथ गांव के ही एक किसान के खेत में ट्रैक्टर और थ्रेसर मशीन से सरसों की मढ़ाई करने गया था। मढ़ाई के दौरान वह थ्रेसर के ऊपर खड़े होकर बची हुई सरसों की फसल को मढ़ाई के लिए मशीन में डाल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे थ्रेसर मशीन की चपेट में आ गया।
लोगों ने बंद कराई मशीन, अस्पताल ले गए घटना होते ही खेत में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत थ्रेसर मशीन बंद कराई और गंभीर रूप से घायल राजेश को एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।परिवार में मचा कोहराम
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव को अस्पताल से वापस घर ले आए। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।पुलिस के अनुसार घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। बताया गया कि मृतक खुद ट्रैक्टर का मालिक था। परिवार के लोगों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

Back to top button
error: Content is protected !!