
सिविल हॉस्पिटल जावरा को मिली विधायक डॉ राजेंद्र पांडेय के प्रयासों से पोर्टेबल हैंड हेल्ड एक्स रे मशीन
जावरा क्षेत्र को टीबी मुक्त करने मे मिलेगी मदद
रतलाम 2 अप्रैल/स्वास्थ्य के क्षेत्र में जावरा विधानसभा क्षेत्र में निरन्तर सौगात मिल रही है। विधायक डॉ राजेंद्र पांडेय के प्रयासों से सिविल हॉस्पिटल को दूसरी पोर्टेबल हैंड हेल्ड एक्स रे मशीन प्राप्त हुई है। अब संभावित टीबी रोगी के घर पर ही एक्स रे किया जा सकेगा, जिससे जावरा क्षेत्र को टीबी मुक्त बनाये जाने का प्रयास किया जाएगा। प्रभारी सुपरवाइजर श्री शैलेन्द्र कुमार दवे ने बताया कि सिविल हॉस्पिटल जावरा में पूर्व में विधायक डॉ पांडेय के प्रयास से डिजिटल एक्स-रे मशीन उपलब्ध हुई थी, लेकिन म रीजो की संख्या में बढ़ोतरी होने व टीबी मुक्त अभियान चलाए जाने के कारण एक्सरे मशीन की मांग की जा रही थी। जिस पर विधायक डॉ पांडेय ने उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल से चर्चा कर कठिनाई से अवगत कराया। डॉ पांडेय के आग्रह को स्वीकार करते हुए सिविल हॉस्पिटल जावरा के लिए पोर्टेबल हैंड हेल्ड एक्स रे मशीन स्वीकृत की गई है। उल्लेखनीय है कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संध्या बेलसरे के मार्गदर्शन में सीबीएमओ डॉ शंकरलाल खराड़ी, सिविल हॉस्पिटल जावरा प्रभारी डॉ दीपक पालड़ीया के निर्देशन में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम जिला रतलाम के तहत 24 मार्च 2026 से 100 दिवसीय टी बी मुक्त भारत अभियान संचालित किया जा रहा है, इस अभियान को गति देने लिए संभावित रोगियो की टीबी की जांच हेतु स्वीकृत पोर्टेबल हैंड हेल्ड एक्स रे मशीन का उपयोग किया जाएगा। जिसकी लागत लगभग 27 लाख रूपये है। इस मशीन से चेस्ट एक्सरे से शहरी क्षेत्र के वार्डो में तथा ग्रामीण क्षेत्रों के वार्डो में घर-घर जाकर टीबी स्क्रीनिंग करने में आसानी होगी। टीबी संभावित रोगी का घर पर ही एक्स रे हो जाएगा। जावरा शहरी क्षेत्र में गुरुवार से आने वाले 100 दिनों तक वार्ड वार सूक्ष्म कार्य योजना अनुसार प्रत्येक वार्ड में पोर्टेबल मशीन द्वारा एक्स रे सुविधा का लाभ दिया जायेगा।
जावरा शहरी क्षेत्र वार्ड नंबर 4 में आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 32 मे शिविर लगाया गया। जिसमें संभावित मरीजों के 32 निःशुल्क एक्स रे किए गए, जिनका स्वास्थ्य परीक्षण डॉ इरफान पठान द्वारा किया गया। डिजिटल एक्सरे मशीन की स्वीकृति मिलने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों ने हर्ष व्यक्त कर विधायक डॉ पांडेय के प्रति आभार व्यक्त किया है।






