
अजीत मिश्रा (खोजी)
।। कागजों में ‘चंगा’ और हकीकत में ‘नंगा’ स्वास्थ्य मेला: पीएचसी हरदी में ताला खुला पर डॉक्टर नदारद ।।
उत्तर प्रदेश।
बस्ती।। प्रदेश सरकार भले ही ‘मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले’ के जरिए अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को बेहतर इलाज देने का दम भरती हो, लेकिन जनपद के गौर ब्लॉक अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) हरदी में यह योजना पूरी तरह भ्रष्टाचार और लापरवाही की भेंट चढ़ चुकी है। रविवार को मीडिया टीम की पड़ताल में जो नजारा दिखा, वह स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
डॉक्टर गायब, कर्मचारी बने ‘गेटकीपर’
हैरानी की बात यह है कि स्वास्थ्य मेले के नाम पर पीएचसी हरदी का दरवाजा तो खुला था, लेकिन अंदर इलाज करने वाला कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। केंद्र पर केवल कुछ गिने-चुने कर्मचारी ही बैठे मिले। जब मीडिया टीम ने गहराई से पड़ताल की, तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने खुद ही विभाग के कारनामों और भ्रष्टाचार की पोल खोल दी। आलम यह है कि अस्पताल केवल औपचारिकता के लिए खुला रहता है, जबकि मरीजों को इलाज के नाम पर सिर्फ ठेंगा दिखाया जा रहा है।
फोटो का खेल: फार्मासिस्ट की ‘कैमरा’ डॉक्टरी
जांच में खुलासा हुआ कि पीएचसी हरदी में मरीजों की सेहत से ज्यादा ‘फोटो’ पर ध्यान दिया जाता है। विभागीय सूत्रों और स्थानीय लोगों के अनुसार, फार्मासिस्ट द्वारा महज कुछ मरीजों के साथ फोटो खिंचवाकर उच्च अधिकारियों को ग्रुप पर भेज दी जाती है, ताकि फाइलों में स्वास्थ्य मेला सफल दिखे। धरातल पर डॉक्टर की अनुपस्थिति में मरीजों को बिना परामर्श ही लौटना पड़ता है।
सीएचसी गौर की चुप्पी पर सवाल
यह पूरा मामला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गौर के अंतर्गत आता है। सवाल यह उठता है कि जब स्वास्थ्य मेले की ड्यूटी से डॉक्टर और मुख्य कर्मचारी लगातार नदारद रहते हैं, तो अब तक उन पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या उच्च अधिकारियों की मिलीभगत से जिले में यह ‘कागजी मेला’ चलाया जा रहा है?
चर्चा का विषय बना भ्रष्टाचार
पीएचसी हरदी की इस बदहाली और स्वास्थ्य विभाग गौर के कारनामों की चर्चा अब पूरे जिले में जोरों पर है। स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। अब देखना यह होगा कि क्या जिला प्रशासन इन ‘लापरवाह’ सफेदपोशों पर कोई नकेल कसता है या गरीब मरीज इसी तरह सिस्टम के भ्रष्टाचार की बलि चढ़ते रहेंगे।
रिपोर्ट: ब्यूरो डेस्क, बस्ती




















