
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर प्रसिद्ध राजकीय बंशीधर महोत्सव को लेकर इस वर्ष अब तक तिथि घोषित नहीं होने से आम लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। हर साल धूमधाम से आयोजित होने वाले इस महोत्सव का लोग बेसब्री से इंतजार करते हैं, लेकिन इस बार प्रशासनिक स्तर पर हो रही देरी से असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन, झारखंड सरकार, क्षेत्र के विधायक एवं सांसद से मांग की है कि जल्द से जल्द महोत्सव की तिथि की आधिकारिक सूचना जारी की जाए। लोगों का कहना है कि समय पर घोषणा नहीं होने से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी प्रभावित हो रही है और व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

लोगों का यह भी कहना है कि राजकीय बंशीधर महोत्सव जिले की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है, ऐसे में इसकी अनदेखी उचित नहीं है। प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

जनता ने मांग की है कि जिला प्रशासन, झारखंड सरकार, विधायक एवं सांसद इस मामले में जल्द पहल करें, ताकि महोत्सव का आयोजन समय पर हो सके और लोगों की भावनाओं का सम्मान बना रहे।



