
अंबेडकर नगर
नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा की दरगाह में स्थित ताहिरा मस्जिद के निकट बृहस्पतिवार को अतिक्रमण हटाने को लेकर स्थानीय लोगों की नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता से नोकझोंक हो गई।
पुलिस व प्रशासनिक अमले के हस्तक्षेप के बाद विवाद शांत हुआ, जिसके बाद अतिक्रमण हटा दिया गया।
दरगाह निवासी नूरुद्दीन ने सात जनवरी को नगर निकाय में शिकायत की थी कि मस्जिद के निकट भूमि पर सैयद मुहम्मद अशरफ ने गेट का निर्माण कर लिया है। बृहस्पतिवार को अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस व राजस्व की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची। सैयद के परिवार के लोग अतिक्रमण हटाने का विरोध करने लगे। इस दौरान अतिक्रमण करने वालों और अध्यक्ष के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। बात बढ़ती देख थानाध्यक्ष संतकुमार सिंह ने दोनोंं पक्षोंं को अलग किया। बारी-बारी से दोनोंं लोगों से बात कर मामले को शांत कराया गया। इसके बाद निकायकर्मियों ने पिलर और गेट ढहा दिया। इससे नाराज गौस असरफ ने न्यायालय में वाद दायर करने की बात कही। ईओ संजय जैसवार ने बताया कि रास्ते पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत मिली थी। नोटिस जारी कर अतिक्रमण को हटवा दिया गया है।


















