A2Z सभी खबर सभी जिले की

आज श्री दिगम्बर जैन मंदिर मे जैन धर्म के 24वे तीर्थंकर श्री 1008भगवान महावीर जयंती का 2625वां जन कल्यानक महामाहोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के वातावरण मे आयोजित l

*प्रेस विज्ञप्ति*

 

गया। रमना स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर श्री 1008 भगवान महावीर स्वामी जी का 2625 वां जन्म कल्याणक महामहोत्सव में श्रद्धा,भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।

समाधिस्थ परम पूज्य आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज से दीक्षित एवं परम पूज्य आचार्य श्री समय सागर जी महाराज के आज्ञानुवर्ती शिष्य मुनि श्री धर्म सागर जी महाराज,मुनि श्री भावसागर जी महाराज एवं आर्यिका श्री सूत्रमति माताजी, आर्यिका श्री शीतल मति माताजी, आर्यिका श्री कर्तव्य मति माताजी, आर्यिका श्री श्रुत माताजी के मंगल सानिध्य एवं आशीष जैन श्री तेंदूखेड़ा के निर्देशन में मंगलवार को जैन परंपरानुसार विविध धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए।

अहले सुबह से ही जैन मंदिर में जैन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक विद्युत सज्जा से सुसज्जित किया गया। वही आसपास के क्षेत्र में तोरण द्वार, धार्मिक ध्वजों एवं बैनरों से पूरा वातावरण को उत्सवमय बना दिया गया।
ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा रमना क्षेत्र दिव्य व आध्यात्मिक आभा से सराबोर हो उठा।

*पूजन एवं विधि विधान का आयोजन*

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 7:00 बजे नित्य नियम पूजन एवं भगवान महावीर स्वामी जी के अभिषेक के साथ हुआ। पवित्र जल से श्रद्धालुओं ने नायक भगवान सहित श्री महावीर स्वामी जी का विशिष्ट कलशों से मंत्रोंच्चारण पूर्वक महामस्ताभिषेक किया। इसके उपरांत 7:30 बजे से 8:30 बजे तक पंच परमेष्ठी विधान संपन्न हुआ। गुंबद शिखर पर मंगल गीतों के साथ जैन धर्म का ध्वजारोहण किया गया।
महिलाओं ने विशिष्ट मंत्रोंच्चारण से शांति धारा का पाठ एवं विधिवत पूजा-अर्चना की। पूरा मंदिर प्रांगण मंत्रों की ध्वनि से गूंज उठा।

*बैंड-बाजे के साथ निकाली गई आकर्षक शोभायात्रा*

गया नगर में त्रिशला नंदन वीर की जय बोलो महावीर की, बिछा दो अपनी पलकों को, मेरे घर प्रभु महावीर स्वामी आए है……. के मंगल गीतो के साथ महावीर स्वामी जी की आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई।
बैंड-बाजे और ढोल- नगाड़े की मधुर धुन के साथ निकली शोभायात्रा में महिलाएं हाथों में धर्म ध्वजा एवं पुरुष सफेद गणवेश में झूमते- नाचते गाते हुए चल रहे थे। चारों तरफ हर्ष और उत्साह का माहौल रहा। भगवान महावीर की जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
जैन सर्वोदय पाठशाला के विद्यार्थी हाथों में महावीर के अहिंसा के संदेश की तख्तियां लिए जियो और जीने दो,शाकाहार अपनाओं व स्वस्थ रह, सभी प्राणियों के प्रति दया भाव रखो, पर्यावरण का संरक्षण करो को पेंटिंग के माध्यम से प्रचारित कर रहे थे। फूलों से सजे रथ पर भगवान महावीर को विराजमान कराया गया। रथ को समाजजन खींचते हुए लेकर आगे की ओर बढ़ रहे थे। शोभायात्रा जैन मंदिर से निकलकर रमना रोड, पीर मंसूर, कलेक्ट्रेट, जीबी रोड, लोहा पट्टी, बजाज रोड, कोतवाली चौक, धामी टोला, वजीर अली रोड, टेकारी रोड, गोल पत्थर, लहेरिया टोला, टावर चौक होते हुए पुनः जैन मंदिर पहुंची। शोभायात्रा में शाकाहार के प्रति जागरूकता के लिए झांकी निकली। जैन समाज के लोगों ने महावीर स्वामी जी की आरती उतारी।

 

*आचार्य श्री के प्रेरक प्रवचन*

इस अवसर पर *आचार्य श्री श्री धर्म सागर जी महाराज* ने अपने मंगल प्रवचनों में कहा कि यह महोत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि एवं आध्यात्मिक जागरण का माध्यम है। भगवान महावीर के दिव्य संदेश ‘जियो और जीने दो’ और अहिंसा परमो धर्म: को सर्वोपरि मानकर जीवों और प्राणियों की रक्षा करना है। यह पर्व हमें अपने भीतर मानवता को जागृत करता है। उन्होंने भगवान महावीर के सत्य,अहिंसा एवं अपरिग्रह के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संकल्प दिलवाया।

*मुनि श्री भावसागर जी महाराज* ने कहा की आज के युग में जब पूरा विश्व बारूद के ढेर पर बैठा है और चारों तरफ हिंसा का माहौल प्राप्त है ऐसी स्थिति में भगवान महावीर के सिद्धांत और विचार अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। यदि लोग भगवान महावीर के सत्य,अहिंसा और प्रेम के मार्ग को अपने जीवन में उतारें तो समाज से अपराध और अहिंसा समाप्त हो जाएगा। भगवान महावीर के ‘जियो और जिया दो’ के सिद्धांत मौजूदा दौर में चल रहे वैश्विक परिस्थितियों के लिए सटीक समाधान है।

 

 

*सांयकालीन सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन*

दिगंबर जैन भवन में संध्या 7:00 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में जैन सर्वोदय विद्यालय के बच्चों ने भगवान महावीर के जीवन पर आधारित विभिन्न प्रसंगों को जीवंत रूपों में दर्शाया। जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर उठे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। महिलाएं णमोकार मंत्र के जयघोष के साथ विश्व शांति के लिए दीप जलाए और भगवान महावीर जी के प्रति अपनी श्रद्धा निवेदित की। इसी के साथ जैन धर्मावलंबियों का दो दिवसीय जन्म कल्याणक महा महोत्सव धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। उक्त आशय की जानकारी पीआरओ मुन्ना सरकार एवं अर्पित पाटनी ने दी।

त्रिलोकी नाथ डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर गयाजी बिहार

वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़

Back to top button
error: Content is protected !!