A2Z सभी खबर सभी जिले कीछत्तीसगढ़बलौदा बाजार

कलेक्टर दीपक सोनी को राष्ट्रीय पुरस्कार पर बलौदा बाज़ार प्रेस क्लब ने दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले ने जल संरक्षण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन के प्लेनरी हॉल में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की गरिमामयी उपस्थिति में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने जल संचय जनभागीदारी पुरस्कार 1.0 से जिले को सम्मानित किया। पूर्वी क्षेत्र की कैटेगरी-2 में चयनित जिले को एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया, जिसे कलेक्टर दीपक सोनी ने प्राप्त किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री वी. सोमन्ना और राजभूषण चौधरी भी उपस्थित रहे।

जिले को यह सम्मान जल संचयन के क्षेत्र में किए गए व्यापक व प्रभावी कार्यों के आधार पर प्राप्त हुआ है। जिले में अब तक 35,793 जल संरचनाओं का निर्माण किया गया है। मनरेगा, कैम्पा, सीएसआर सहित राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तालाब, डबरी, परकोलेशन टैंक, सोखता गड्ढा, अमृत सरोवर, चेकडैम, एनीकट, स्टॉपडैम तथा नहर जीर्णोद्धार जैसे महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किए गए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन तथा कलेक्टर दीपक सोनी के नेतृत्व में संचालित जल संचय महाअभियान ने जिले को राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी स्थान दिलाया है।

राष्ट्रीय पुरस्कार की इस गौरवमयी उपलब्धि पर गुरुवार को बलौदा बाज़ार प्रेस क्लब के अध्यक्ष नरेश गनशानी एवं क्लब के सदस्यों ने कलेक्टर दीपक सोनी से मुलाकात कर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। अध्यक्ष गनशानी ने कहा कि यह उपलब्धि कलेक्टर सोनी के दूरदर्शी नेतृत्व, सुनियोजित कार्यशैली और जनभागीदारी को बढ़ावा देने की पहल का परिणाम है, जिसने जिले का नाम पूरे देश में रोशन किया है।

प्रेस क्लब सदस्यों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता पूरे बलौदा बाज़ार जिले के लिए गर्व का क्षण है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह पहचान जिले को विकास के नए आयामों की ओर अग्रसर करती है।

इस दौरान अध्यक्ष नरेश गनसानी, राघवेंद्र सिंह, राजकुमार वलेचा,राजेश्वर गिरी, लकेश बघेल, विजय तिवारी, गोविन्द रात्रे, पुष्पकांत मेजर, श्रवण ध्रुव, आभाष शर्मा, मोहित मरकाम, निर्मल सिंह चौहान आदि सदस्य उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!