

थाना कालांवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई
खोखर डबल मर्डर मामले में अहम खुलासा, दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल, वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद
रिपोर्टर इन्द्र जीत
स्थान कालावाली
डबवाली, 07 मार्च । डबवाली पुलिस द्वारा अपराध व आपराधिक वारदात में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत लगातार कार्रवाई जारी है । जिसके तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गांव खोखर में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर मामले का पर्दाफाश करते हुए त्वरित व प्रभावी कार्रवाई के तहत दो महिला आरोपियों निवासी खोखर को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।आरोपी महिलाओं के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बांस की लाठी व एक गंडासे का बिंडा लकड़ी बरामद किया गया है ।
घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए प्रबंधक थाना कालांवाली पीएसआई सुनील कुमार ने बताया कि दिनांक 01.03.2025 को शिकायतकर्ता जसवीर सिंह पुत्र मिट्ठू सिंह निवासी खोखर ने बयान किया कि 01 मार्च की सुबह 7.30 बजे उसका भाई झरमल सिंह व उसका लड़का दलजीत सिंह अपने खेत की ओर गए थे । जो काफी देर तक वापिस नहीं आए तो उसने गुरप्रीत सिंह पुत्र जगरूप सिंह(चचेरे भाई) व (भतीजे)अर्शदीप सिंह पुत्र चमकौर सिंह के साथ उनकी तलाश शुरू की । जो तलाश करते हुए 8.30 बजे वे नामजद आरोपी मोती सिंह पुत्र धर्म सिंह के खेत के पास पहुंचे तो जसवंत सिंह पुत्र बीकर सिंह बीकर सिंह पुत्र मोती सिंह व मोती सिंह व अन्य व्यक्तियों के साथ उसके भाई झरमल सिंह व लड़के दलजीत सिंह पर तेजधार हथियारों के साथ मारपीट कर रहे थे । जो उन्होंने छुड़वाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथी गुरप्रीत सिंह व अर्शदीप सिंह को भी चोटें पहुंचाई । जो उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए । जो आरोपी अपने हथियारों सहित भाग गए । जो उन्होंने झरमल सिंह, दलजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह व अर्शदीप सिंह को सरकारी अस्पताल कालांवाली में भर्ती करवाया । जो डा. साहब ने झरमल सिंह व दलजीत सिंह को मृत घोषित कर दिया और गुरप्रीत सिंह व अर्शदीप सिंह को सिरसा रेफर कर दिया ।
घटना के पीछे का कारणः- शिकायतकर्ता जसवीर सिंह ने बताया कि 3-4 दिन पहले उसने अपने भाई झरमल सिंह के साथ उत्तम सिंह उर्फ भिन्दा पुत्र गुरमीत सिंह निवासी खोखर की दो कनाल जमीन खरीदने का सौदा किया था । जो उससे पहले उक्त आरोपियों ने उस जमीन के सौदे के लिए 6,000 रुपये साई के तौर पर उत्तम सिंह को दिए थे । जो उसने वह राशि वापस कर दी । जिसकी वजह से उनकी आपसी रंजिश चल रही थी । इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
प्रबंधक थाना कालांवाली ने बताया कि वारदात को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 118(1), 126(2), 191(3), 61(2), 115(2) के तहत अभियोग दर्ज कर विशेष जांच शुरू की । पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आसपास के क्षेत्र में गहन पूछताछ की तथा तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों को जुटाकर मामले की कड़ियों को जोड़ना शुरू किया ।
जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर काम करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और महत्वपूर्ण सुराग जुटाए । लगातार की गई गहन पड़ताल, गुप्त सूचना तथा ठोस साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने दो महिला आरोपियों की वारदात में संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश कर आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया ।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



