
21/12/2025

चैनपुर में महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन, लैंगिक समानता का दिया संदेश
कैमूर। नई चेतना लैंगिक समानता हेतु राष्ट्रीय अभियान के तहत चैनपुर प्रखंड में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। यह टूर्नामेंट चैनपुर प्रखंड स्थित अवखरा इंटर कॉलेज के प्रांगण में खेला गया, जिसमें क्षेत्र की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
टूर्नामेंट में CLF ज्ञानदीप उपकार एवं संस्कार CLF की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों की खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया। मैच के दौरान मैदान में दर्शकों की अच्छी-खासी भीड़ मौजूद रही, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

मैच की कमेंट्री रविरंजन द्वारा की गई, जबकि अंपायर की भूमिका में जितेंद्र कुमार ने निष्पक्ष निर्णयों के साथ खेल को सफलतापूर्वक संचालित किया। आयोजन के दौरान महिला खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और खेल कौशल ने सभी को प्रभावित किया।
कार्यक्रम आयोजकों ने बताया कि नई चेतना लैंगिक समानता हेतु राष्ट्रीय अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को समान अधिकार, अवसर और नेतृत्व के प्रति जागरूक करना है। खेल जैसे माध्यमों से महिलाओं को आगे लाकर समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।
टूर्नामेंट के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस तरह के आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)


