

बलौदाबाजार। ऑनलाइन मकान किराए के विज्ञापन के जरिए ठगी करने वाले साइबर आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने किराए पर मकान लेने के बहाने डिपॉजिट मनी जमा कराने का झांसा देकर लाखों रुपये ठग लिए।
मामले के अनुसार, प्रार्थिया श्रद्धा चतुर्वेदी (स्थायी पता बड़ोदरा, गुजरात) द्वारा मुंबई स्थित अपने मकान को किराए पर देने के लिए ऑनलाइन विज्ञापन जारी किया गया था। इसी विज्ञापन पर संपर्क करते हुए आरोपी ने खुद को किराएदार बताकर भरोसा जीता और डिपॉजिट के नाम पर रकम ट्रांसफर कराने का झांसा दिया।
झांसे में आकर प्रार्थिया ने 25 जुलाई 2025 को आरोपी द्वारा बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में कुल ₹2,21,980 जमा कर दिए। इसके बाद जब प्रार्थिया ने किराए की प्रक्रिया आगे बढ़ाने या रकम वापस मांगने की कोशिश की, तो आरोपी ने संपर्क तोड़ लिया। तब उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ।
शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 729/2025 के तहत धारा 318(4) बीएनएस एवं 66D आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण कर आरोपी की पहचान की और योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए उसे अलवर (राजस्थान) से हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ताहिर खान (24 वर्ष) निवासी पीपलखेड़ा, जिला अलवर ने ऑनलाइन विज्ञापन के जरिए ठगी करना स्वीकार किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
सावधानी ही बचाव:
ऑनलाइन प्रॉपर्टी डील में अज्ञात व्यक्तियों पर तुरंत भरोसा न करें
बिना सत्यापन के किसी भी खाते में एडवांस/डिपॉजिट न भेजें
वीडियो कॉल या साइट विजिट के बिना सौदा पक्का न करें
ऑनलाइन सुविधा के साथ सतर्कता भी जरूरी है—वरना ठग बना सकते हैं अगला शिकार!







