


देहरादून। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड पुलिस को “राष्ट्रपति पुलिस कलर” से पुरस्कृत किए जाने पर पुलिस महानिदेशक सहित सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे राज्य के इतिहास का “स्वर्णिम और गौरवपूर्ण अध्याय” बताया है। सीएम कहा कि उत्तराखंड के लिए यह क्षण उपलब्धि ही नहीं, बल्कि गौरव, परंपरा और अदम्य सेवा का जीवंत प्रमाण भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन से लेकर महाकुंभ, चारधाम यात्रा और कांवड़ यात्रा जैसे विशाल आयोजनों में सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन का उत्कृष्ट संचालन में उत्तराखंड पुलिस की भूमिका सराहनीय रही। कहा कि आज चाहे महिला सुरक्षा की बात हो या साइबर अपराध नियंत्रण, पर्यटन सुरक्षा और सामुदायिक पुलिसिंग जैसे क्षेत्रों में उत्तराखंड पुलिस ने तकनीकी सशक्तिकरण और जनसहभागिता के माध्यम से एक ऐसा मॉडल विकसित किया है, जो अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना के “रजत जयंती वर्ष” में यह सम्मान मिलना इस उपलब्धि को और भी अधिक विशेष और ऐतिहासिक बनाता है।








