

निवाड़ी। मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत निवाड़ी जिले से तिरुपति बालाजी के दर्शन हेतु गए सभी 150 तीर्थयात्री बुधवार को सकुशल अपने घर लौट आए। निवाड़ी एवं पृथ्वीपुर पहुंचने पर तीर्थयात्रियों के चेहरों पर दर्शन की खुशी और संतोष साफ झलक रहा था। श्रद्धालुओं ने शासन एवं जिला प्रशासन द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को धन्यवाद और आशीर्वाद दिया।
श्रद्धालुओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा—
“शासन द्वारा की गई व्यवस्थाएं इतनी बेहतर थीं कि हमें घर से बाहर होने का अहसास ही नहीं हुआ। दर्शन अत्यंत सुलभ रहे और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखा गया।”
01 जनवरी को दी गई थी तीर्थयात्रा को हरी झंडी
उल्लेखनीय है कि 01 जनवरी 2026 को कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने जनपद पंचायत कार्यालय निवाड़ी से तथा पृथ्वीपुर से एसडीएम अशोक कुमार सेन ने तीर्थयात्रियों को पुष्पमाला पहनाकर बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
यात्रियों को बसों द्वारा दतिया रेलवे स्टेशन ले जाया गया, जहां से विशेष ट्रेन के माध्यम से उन्हें तिरुपति एवं श्री कालहस्ती बालाजी के दर्शन हेतु भेजा गया।
वीआईपी सुविधाओं ने जीता श्रद्धालुओं का दिल
यात्रा से लौटे तीर्थयात्रियों ने बताया कि 7 दिनों की पूरी यात्रा में प्रशासन ने किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं छोड़ी।
दोनों समय शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन
यात्रा के दौरान बिसलेरी कंपनी का स्वच्छ पेयजल
विश्राम हेतु सुविधाजनक होटल व्यवस्था
स्थानीय भ्रमण के लिए वीआईपी बसों की सुविधा
इन व्यवस्थाओं ने श्रद्धालुओं को अत्यंत संतुष्टि प्रदान की।
जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की हुई सराहना
मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के सफल क्रियान्वयन से जिले के बुजुर्गों में विशेष उत्साह देखा गया। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सुविधा हेतु तैयार रोडमैप की तीर्थयात्रियों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
दिनांक 07 जनवरी 2026 को सभी तीर्थयात्री अपने-अपने गंतव्य पर सुरक्षित पहुंच गए हैं, जिससे उनके परिजनों में भी हर्ष और संतोष का वातावरण है।



