
खरगोन, 05 अगस्त 2025।
भाई-बहन के अटूट रिश्ते को सहेजने के लिए इस रक्षाबंधन पर जेल प्रशासन ने विशेष पहल की है। जेल मुख्यालय भोपाल द्वारा प्रदेश की सभी जेलों में बंदियों को उनकी बहनों से प्रत्यक्ष मुलाकात और राखी बंधवाने की अनुमति प्रदान की गई है। इसी क्रम में जिला जेल खरगोन में भी विशेष आयोजन किया जाएगा।
09 अगस्त (शनिवार) को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक बहनें अपने बंदी भाइयों से जेल परिसर के भीतर मिल सकेंगी। इस दौरान राखी बांधने के साथ शुभकामनाएं देने का अवसर मिलेगा। जेल अधीक्षक श्री वी.बी. प्रसाद ने बताया कि बहनों की सुविधा के लिए प्रशासन द्वारा थाली, कुमकुम एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुलाकात के दौरान सभी को सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। जेल परिसर में केवल निर्धारित समय में ही प्रवेश दिया जाएगा।
जेल प्रशासन ने बहनों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण वातावरण में मुलाकात करें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
यह कदम न केवल पारिवारिक संबंधों को मजबूत करेगा, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव के माध्यम से बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का भी प्रयास है।




