A2Z सभी खबर सभी जिले की

रसड़ा-नगरा मार्ग पर बनेगा वाई आकार का ओवरब्रिज, आसान होगा आवागमन

वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्ट | बलिया

बलिया। रसड़ा-नगरा मार्ग स्थित छितौनी रेलवे क्रॉसिंग पर अब वाई आकार में ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इस पुल के बन जाने से न सिर्फ रेल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि आमजन का आवागमन भी बेहद आसान हो जाएगा।

गाजीपुर-रसड़ा-बेल्थरारोड मार्ग से होकर देवरिया फोरलेन का निर्माण कार्य पहले से जारी है। ओवरब्रिज बनने के बाद इस मार्ग पर बिना रुके यातायात सुचारू रूप से चलता रहेगा। इसके साथ ही गाजीपुर, बलिया और बिहार से देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर सहित कई शहरों का सीधा जुड़ाव स्थापित होगा।

सेतु निगम ने ओवरब्रिज का प्रस्ताव तैयार कर लिया है और डिजाइन भी अंतिम रूप में है। जैसे ही शासन से मंजूरी मिलेगी, निर्माण कार्य की प्रक्रिया आरंभ कर दी जाएगी।

पूर्व में यह पुल एल आकार में प्रस्तावित था, लेकिन पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, गाजीपुर, मऊ व बिहार से फेफना होकर गोरखपुर जाने वाले वाहनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सेतु निगम ने इसका डिजाइन बदलकर वाई आकार में कर दिया। नए डिजाइन से देवरिया की ओर आने-जाने वाले वाहन आसानी से अपने गंतव्य की ओर बढ़ सकेंगे।

जानकारी के अनुसार, रसड़ा-मऊ रेलखंड पर स्थित छितौनी रेलवे क्रासिंग पर 150 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से लगभग 1.40 किलोमीटर लंबा फोरलेन ओवरब्रिज बनाया जाना है। यह ब्रिज रेलवे क्रासिंग से बलिया-मऊ एनएच की ओर लगभग 800 मीटर और नगरा मार्ग की ओर 600 मीटर लंबाई में फैला होगा।

ब्रिज का एक लेन मऊ की ओर और दूसरा स्टेशन की ओर जाएगा, जिससे इसका आकार वाई जैसा होगा। पुल के नीचे से दोनों लेन से वाहनों का सुचारू आवागमन संभव होगा।

वर्तमान में क्रासिंग बंद होने पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।

इस संबंध में वाराणसी मंडल के पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि रसड़ा-नगरा मार्ग स्थित छितौनी रेलवे क्रॉसिंग पर टीवीयू (ट्रैफिक वॉल्यूम यूनिट) छह लाख से अधिक होने के कारण लंबे समय से ओवरब्रिज निर्माण की मांग हो रही थी। सेतु निगम जल्द ही प्रस्ताव भेजेगा, जिसके बाद बोर्ड के आदेश पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।

📍 संवाददाता – वंदे भारत लाइव टीवी, बलिया

Jitendra Maurya

Vande Bharat Live TV News Ghazipur Uttar Pradesh India
Back to top button
error: Content is protected !!