
*लोयाबाद*:-लोयाबाद पुलिस ने कुछ दिनों पूर्व हुए हाइवा लूटकांड के मुख्य सरगना हैप्पी सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।हरप्रीत सिंहउर्फ़ हैप्पी पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा था। पुलिस ने हैप्पी को रविवार को उसके सेन्द्रा स्थित घर में छापेमारी कर गिरफ्तार किया है। सोमवार को उसे न्यायलय में प्रस्तुत कर जेल भेजा जाएगा। छापेमारी टीम में थाना प्रभारी पिकु प्रसाद, एएसआई मिनहाज खान शामिल थे। थाना प्रभारी पिकु प्रसाद ने बताया कि हैप्पी हाइवा लूटकांड का मुख्य सरगना है। उसने ही हाइवा की रेकी की थी और अपराधियों को हाइवा लूटने के लिए बुलाया था। पुलिस पहले ही इस घटना में शामिल दो अपराधियों को जेल भेज चुकी हैं। बताया जाता है कि 24 नवंबर की रात अपराधियों ने लोयाबाद थाना क्षेत्र के एकड़ा चालीस धौड़ा में खड़े हाइवा संख्या जेएच 10 एपी 1438 के चालक के साथ मारपीट कर लूट लिया था। हाइवा लूट की सूचना मिलते ही पुलिस रेस हो गई।एसएसपी के निर्देश पर लुटे गए हाइवा की बरामदगी के लिए डीएसपी नौशाद आलम के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया।जिसके बाद पुलिस ने 24 घंटे के अंदर तोपचांची थाना क्षेत्र से हाइवा को बरामद कर लिया साथ ही हाइवा लूटने वाले दो अपराधियों को भी धर दबोचा था । पुलिस ने दोनों अपराधी उज्जवल कुमार तथा राकेश कुमार सिंह को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।उस वक्त हैप्पी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका था।







