

सिंगरौली: सांसद की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक आयोजित।
पात्र हितग्राहियो को हितग्राही मूलक योजना से कराये लाभान्वितः- सांसद डॉ. राजेश मिश्र
चल रहे निर्माण कार्यो को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्ण कराकर जन प्रतिनिधियों से कराये लोकापर्ण।
सिंगरौली :–/ सांसद डॉ. राजेश मिश्र के अध्यक्षता में एवं सिंगरौली विधानसभा के विधायक राम निवास शाह, महापौर रानी अग्रवाल, प्राधिकरण अध्यक्ष दिलीप शाह, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, कलेक्टर गौरव बैनल, वन मण्डल अधिकारी अखिल बंसल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे के उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में दिशा समिति की बैठक आयोजित हुई।
बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने समिति के सदस्यो का स्वागत करते हुयें गत बैठक के एजेंडा के पालन प्रतिवेदन से अवगत कराया। तत्पश्चात सांसद डॉ. मिश्र ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने अपने विभागो से संबंधित जन कल्याणकारी योजनाओ का लाभ पात्र हितग्राहियों को शत प्रतिशत दिया जाना सुनिश्चित करें। तथा विभिन्न विभागो के द्वारा जो निर्माण कार्य कराये जा रहे उनको निर्धारित समय सीमा में पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर जन प्रतिनिधियों के माध्यम से निर्माण कार्यो का लोकापर्ण करायें। उन्होनें राष्ट्रीय राजमार्ग सीधी सिंगरौली मार्ग के शेष निर्माण कार्यो की प्रगति की जानकारी लेने के पश्चात निर्देश दिए कि कार्य में गति लाई जायें ताकि शेष निर्माण कार्य समय पर पूर्ण हो सके।
सांसद ने ललितपुर सिंगरौली रेलवे लाईन के कार्य की प्रगति के साथ साथ भू अर्जन आदि से संबंधित कार्यो की जानकारी लेने के पश्चात रेलवे विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि रेलवे लाईन के कार्य में प्र्रगति लायें। तथा भू अर्जन से संबंधित जो भी समस्या आ रही है जिला प्रशासन के अधिकारियों से सहयोग लेकर उनको दूर करने की कार्यवाही करे। उन्होने कलेक्टर को निर्देश दिए कि पूर्व मध्य रेलवे डिविजन के अधिकारी के साथ बैठक कर सिंगरौली रेलवे स्टेसन की व्यवस्था में सुधार लाने की कार्यवाही करे। सांसद ने प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी को निर्देश दिए कि भविष्य मे उद्योग एवं परियोजनाओं को स्थापित किए जाने हेतु प्रदान की जाने वाली आवश्यक एनओसी कम्पनियों द्वारा सभी शर्त एवं नियमों के पालन उपरांत ही अनुमति प्रदान करे। उन्होने कलेक्टर को निर्देश दिए कि जिले में स्थापित औद्योगिक कम्पनियों को पूर्व दी गई एनओसी उपरांत प्रदूषण नियंत्रण हेतु नियमो का पालन किया जा रहा है कि नही इसकी विधिवत जॉच करायें
बैठक के दौरान सांसद डॉ. मिश्र ने विद्युत विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सहित प्रधानमंत्री ग्रमीण सड़क विकास विभाग की समीक्षा करते हुयें निर्देश दिए कि चितरंगी क्षेत्रांतर्गत सीएसआर मद से किए जा रहे विद्युतीकरण कार्य के साथ साथ ऐसे अन्य मझरे टोले जहा विद्युत आपूर्ति की आवश्यकता है उन कार्यो को समय से पूर्ण किया जायें। इसी के साथ जनमन योजना अंतर्गत आदिवासी क्षेत्र के मझरे टोले में प्राथमिकता के साथ विद्युतीकरण कार्य किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुयें निर्देश दिए कि गर्मी को दृष्टिगत रखते हुयें जिला चिकित्सालय एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रो में साफ सफाई की व्यवस्था के साथ साथ खराब कूलर, एसी तथा पंखो की मरम्मत करायें इसके साथ ही चिकित्सालय में सभी डॉक्टर समय पर उपस्थित रहे इसकी विशेष निगरानी रखे। उन्होने निर्देश दिए कि सभी वार्ड नियमिति रूप से संचालित किया जायें। उन्होनें गर्भवती महिलाओ के पंजीयन, जॉच एवं संस्थागत प्रसव आदि स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का तत्परता के साथ संचालन किया जायें। तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ भी प्रदान करें।
सांसद ने पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुयें लोक स्वास्थ्य यात्रिकी विभाग एवं जल निगम समीक्षा करते हुयें निर्देश दिए कि खराब हैन्डपम्पो का अभियान चलाकर कर सुधार कार्य कराया जायें। साथ ही जल मिशन के कार्य को निर्धारित समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। वही यह भी निर्देश दिए कि जिले में पेयजल उपलब्धता में किसी भी प्रकार की समस्या न हो इसके लिए योजनाबद्ध कार्य किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होने नगर पालिक निगम द्वारा शहरी क्षेत्र में संचालित जन कल्याणकारी योजना जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित अन्य जन कल्याणकारी योजनाओ का लाभ पात्र हितग्राहियों को जो प्रदान कराया गया है उनका वृहद स्तर पर सम्मेलन आयोजित किया जायें जिसमें जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करे। साथ ही योजनाओ से जो पात्र हितग्राही वंचित है उन्हे लाभान्वित करायें। वही शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुयें निर्देश दिए कि निर्धारित समय पर विद्यालयों में गणवेश का वितरण एवं वर्षात के पूर्व जर्जर विद्यालयो के मरम्मत का कार्य के साथ साथ विद्यालयों में शौचालयों की साफ सफाई व्यवस्था बनायें रखें।
वही महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुयें निर्देश दिए कि एमएमआर एवं आईएमआर दर में सुधार लायें जाने हेतु मातृत्व वंदना योजना अंतर्गत चिन्हित लाभार्थियों को आवश्यक रूप से लाभ पहुचाया जायें इसके लिए विभाग अपने मैदानी अमले को संक्रिया भूमिका निभाने के लिए निर्देशित करें। सांसद ने बैठक में यह भी निर्देश दिए कि जिले में कई एनजीओ के द्वारा सीएसआर मद से कार्य किया जा रहा है किंतु इनके कार्यो के संबंध में जानकारी जन प्रतिनिधियों को उपलब्ध नही कराया जा रहा है इनके द्वारा क्या कार्य किया जा रहा है यह भी स्पष्ट रूप से नही दिख रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिलें में एनजीओ द्वारा किए जाने वाले सभी कार्य कलेक्टर अनुमति से ही किया जायें। इसके पश्चात ही इनके भुगतान की कार्यवाही की जायेंगी। बैठक के दौरान विधायक सहित समिति के सदस्यो के द्वारा भी अपने अपने सुझाव दिए गयें। इस दौरान जनपद पंचायत देवसर के अध्यक्ष प्रणव पाठक, जनपद अध्यक्ष चितरंगी श्रीमती सिया दुलारी, समिति के सदस्य लालजी शाह, मेघनाथ बैस, बाबू राम जयसवाल, विधायक प्रतिनिधि सिहावल अजय कुमार पाठक, विधायक प्रतिनिधि चितरंगी रविन्द्र चतुर्वेदी सहित जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

