
अजीत मिश्रा (खोजी)
।। बस्ती के बेलवरिया जंगल में युवक की हत्या:आटा चक्की जाते समय बदमाशों ने पीटा, इलाज के दौरान दम तोड़ा।।
20 दिसंबर 25, उत्तर प्रदेश।
बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के बेलवरिया जंगल गांव में शुक्रवार रात एक 40 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। धर्मेंद्र चौधरी नामक युवक पर आटा चक्की जाते समय मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने हमला किया था। गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान बेलवरिया जंगल निवासी धर्मेंद्र चौधरी (40) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि धर्मेंद्र शाम को भोजन के बाद आटा पिसवाने के लिए घर से निकले थे। गांव के बाहर पहुंचते ही घात लगाए मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों व अन्य हथियारों से बुरी तरह पीटा। ग्रामीणों के पहुंचने तक हमलावर फरार हो चुके थे।
घटना के बाद परिजन घायल धर्मेंद्र को तुरंत गौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही धर्मेंद्र चौधरी ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
ग्रामीणों के अनुसार, मृतक धर्मेंद्र का अपने ही भाई से लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। पुलिस इस विवाद को भी घटना के संभावित कारण के रूप में देख रही है और इसकी जांच कर रही है।
सूचना मिलते ही गौर थाना प्रभारी संतोष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की हैं। उन्होंने जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।























