
।। ट्रैक्टर की ट्रॉली से निकला 117 किलो गांजा, तस्कर गिरफ्तार।।
बलरामपुर : थाना बसंतपुर पुलिस ने फिल्मी अंदाज़ में चल रही गांजा तस्करी की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए 117.190 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है.इस मामले में बिहार निवासी राहुल कुमार यादव (उम्र 29 वर्ष, पिता लक्ष्मण यादव, निवासी वंशराज बिगहा, थाना नासरिगंज, जिला रोहतास) को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत ₹23 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर (हाइड्रोलिक ट्रॉली सहित) में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर उत्तर प्रदेश की ओर बिक्री के लिए ले जा रहा है। सूचना पर थाना बसंतपुर गेट के सामने MCP लगाकर पुलिस टीम ने फिल्मी अंदाज़ में नाका बंदी की। कुछ ही देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार लाल ट्रैक्टर आता दिखा। गवाहों अशोक यादव व मुकेश यादव की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर हाइड्रोलिक ट्रॉली के गुप्त चेंबर से 117 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ.पुलिस ने मौके पर ट्रैक्टर (कीमत लगभग ₹2 लाख) सहित मादक पदार्थ जब्त किया।
आरोपी राहुल यादव के खिलाफ धारा 20 (बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई है.पूछताछ में आरोपी ने अन्य साथियों की संलिप्तता का खुलासा किया है, जिनकी तलाश जारी है।इस कार्रवाई में निरीक्षक जितेन्द्र सोनी, प्र.आर. पंकज पोर्ते, प्र.आर. हरिप्रसाद, आर. विवेक कुमार, आर. जनार्दन और आर. लक्ष्मण प्रसाद की सराहनीय भूमिका रही। बसंतपुर पुलिस की इस सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने नशे के कारोबारियों के हौसले पस्त कर दिए हैं।




















