

बलौदाबाजार। जिले के कटगी गांव में बीते दिनों मारपीट, धमकी और दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार मुख्य आरोपी और युवा कांग्रेस नेता भागवत थवाइत को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ ही उसके पिता संतोष थवाइत समेत कुल 9 आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोपी पर पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का गांव में जुलूस निकालकर सख्त संदेश दिया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, इस गंभीर आपराधिक मामले में संलिप्तता सामने आने के बाद प्रदेश युवा कांग्रेस ने भी कार्रवाई करते हुए भागवत थवाइत को कसडोल ब्लॉक युवा कांग्रेस के पद से हटा दिया है।
ऐसे शुरू हुआ पूरा विवाद
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले कटगी गांव में भागवत थवाइत और उसके पिता को उनके ढाबे में अवैध शराब बेचते हुए गांव की महिला कमांडो टीम ने पकड़ लिया था। विरोध करने पर पिता-पुत्र ने महिला टीम के साथ अभद्रता करते हुए धमकी दी। मामले की शिकायत कसडोल थाने में की गई, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता गया।
रैली निकालकर फैलाया खौफ, ग्रामीण से मारपीट
लगातार शिकायतों से नाराज होकर भागवत थवाइत ने अपने साथियों के साथ गांव में रैली निकाली और गाली-गलौज करते हुए खुलेआम धमकियां दीं। इस दौरान एक ग्रामीण की जमकर पिटाई कर दी गई, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, चक्काजाम तक पहुंचा मामला
घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग आरोपी के ढाबे पहुंचे, जहां संतोष थवाइत की पिटाई कर दी गई, जबकि भागवत मौके से फरार हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया और देर रात तक कसडोल थाने में डटे रहे।
पुलिस की सक्रियता से हालात काबू में
स्थिति बिगड़ने पर कसडोल पुलिस और एडिशनल एसपी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश देकर हालात नियंत्रित किए। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कानून का सख्त संदेश
इस पूरी कार्रवाई से साफ है कि बलौदाबाजार पुलिस अब ऐसे मामलों में सख्ती के मूड में है। दहशत फैलाने और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।




