चैनपुर के मदरा में झाड़ियों में मिली मासूम, ग्रामीण महिला की सूझबूझ से सुरक्षित हुआ रेस्क्यू

ग्रामीण महिला की तत्परता से बची मासूम की जान, सदर अस्पताल में जांच के बाद पूरी तरह स्वस्थ मिली बच्ची
भभुआ/कैमूर। कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम-मदरा में झाड़ियों के पास लावारिस अवस्था में मिली करीब 7 माह की बच्ची का जिला प्रशासन एवं बाल संरक्षण इकाई के त्वरित प्रयास से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू के बाद बच्ची को तत्काल चिकित्सकीय जांच के लिए सदर अस्पताल, भभुआ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे स्वस्थ और खतरे से बाहर बताया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम-मदरा में झाड़ियों के समीप बच्ची को लावारिस हालत में देख स्थानीय ग्रामीण महिला सुनीता देवी ने मानवता और तत्परता का परिचय देते हुए उसे अपने संरक्षण में लिया। इसके बाद उन्होंने बिना देर किए आपातकालीन हेल्पलाइन 112 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त टीम ने बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। इसके बाद उसे स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सीय देखभाल के लिए सदर अस्पताल, कैमूर (भभुआ) में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बच्ची की स्वास्थ्य जांच की। जांच में बच्ची की स्थिति सामान्य और स्वस्थ पाई गई। प्रशासन की ओर से बच्ची की सुरक्षा, पोषण एवं समुचित देखभाल सुनिश्चित की जा रही है।
दत्तक ग्रहण संस्थान में होगी आगे की व्यवस्था
सहायक निदेशक, बाल संरक्षण इकाई, कैमूर के अनुसार अस्पताल से डिस्चार्ज की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्ची के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखते हुए उसे दत्तक ग्रहण संस्थान, कैमूर में नियमानुसार आवासित कराया जाएगा। वहां उसके संरक्षण, पुनर्वास तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी।
लावारिस बच्चे मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं कोई बच्चा लावारिस या असहाय अवस्था में मिलता है तो उसे असुरक्षित स्थिति में छोड़ने के बजाय तत्काल स्थानीय प्रशासन, पुलिस या चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दें। समय पर मिली सूचना से ऐसे मासूम बच्चों को सुरक्षित संरक्षण और आवश्यक चिकित्सा उपलब्ध कराई जा सकती है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







