सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, विधायक के निर्देश पर स्थल निरीक्षण।।

सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, विधायक के निर्देश पर स्थल निरीक्षण।।
ग्रामीणों ने घटिया सामग्री के इस्तेमाल का लगाया आरोप, मानक के अनुरूप काम कराने की मांग
रिपोर्टर/राशीद अंसारी
बुढ़मू। ठाकुरगांव बैंक मोड़ से कोराबार तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलराम साहू के नेतृत्व में किए गए निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की ढलाई में पत्थर और बालू के साथ स्टोन डस्ट की मात्रा अधिक तथा सीमेंट की मात्रा कम इस्तेमाल की जा रही है। साथ ही सड़क की ढलाई निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होने की भी शिकायत की गई। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और संवेदक को निर्धारित मानकों के अनुसार काम कराने की मांग की।
बताया गया कि ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में कथित अनियमितता को लेकर कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा को लिखित शिकायत दी थी। विधायक के निर्देश पर ही निर्माण स्थल का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कांके विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि गोपाल तिवारी ने कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए और यदि अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि बबलू उरांव, रंथेश्वर गिरी, राजू उरांव, अजय साहू, प्रदीप प्रजापति, मुस्ताक आलम, रफीक अंसारी, कमल कुजूर समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।
वहीं, सड़क निर्माण कर रहे संवेदक ने ग्रामीणों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ग्रामीणों की मौजूदगी में गुणवत्तापूर्ण सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







