आगर-मालवा।** जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ोद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भोपाल के दो युवकों को MD ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की हुंडई औरा कार से 71.36 ग्राम MD ड्रग्स बरामद की है। नशे की इस खेप को कार में गियर के पास बने बॉक्स में छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मादक पदार्थ, कार, दो मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 13 लाख 78 हजार 600 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर को सहायक उप निरीक्षक दरबार सिंह पंवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भोपाल निवासी दो युवक सफेद रंग की हुंडई औरा कार (MP 04 ZL 2279) में MD ड्रग्स लेकर बड़ोद से जहांगीरपुरा रोड होते हुए आलोट बायपास की ओर जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रूप सिंह बैंस के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो स्वतंत्र पंचों की मौजूदगी में जहांगीरपुरा रोड स्थित आलोट बायपास के कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर दी।
कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए की कार वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन रोककर तलाशी ली तो दोनों सीटों के बीच गियर के पास बने बॉक्स में रखी पारदर्शी प्लास्टिक की थैली से सफेद दानेदार पदार्थ मिला। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करने पर उसका वजन 71.36 ग्राम निकला, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 13 हजार 600 रुपये बताई गई।
**ये हैं गिरफ्तार आरोपी**
पुलिस ने कार सवार शाकिर अंसारी (28), निवासी ऐशबाग, भोपाल और शाहिद खान (19), निवासी जहांगीराबाद, भोपाल को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ थाना बड़ोद में NDPS एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
**कार और मोबाइल सहित 13.78 लाख का माल जब्त**
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 7.13 लाख रुपये कीमत की 71.36 ग्राम MD ड्रग्स, 6 लाख रुपये कीमत की हुंडई औरा कार, 10 हजार रुपये का वीवो मोबाइल, 55 हजार रुपये का एप्पल मोबाइल और 3,500 रुपये नकद जब्त किए। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 13 लाख 78 हजार 600 रुपये आंका गया है।
**ड्रग्स के स्रोत की तलाश में जुटी पुलिस**
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मादक पदार्थ कहां से लाया गया था, इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी और इस तस्करी के नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है।
**इनकी रही सराहनीय भूमिका:** कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रूप सिंह बैंस, एएसआई दरबार सिंह पंवार सहित प्रधान आरक्षक अर्जुन बागड़ी, सतीश मोदी, राकेश शर्मा, आरक्षक शुभम जोशी, श्रीपाल सिंह देवड़ा, सुग्रीव जाटव, भीम सिंह मालवीय, आकाश टेकाम, अर्जुन आंजना और महिला आरक्षक रानू राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।